नन्हे गजराज की जान पर बन आई, तो ढाल बनकर खड़ा हुआ पूरा कुनबा

(डिजिटल डेस्क, नीमच) :- सोशल मीडिया पर इन दिनों वाइल्डलाइफ का एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जो न केवल रोमांचित करता है बल्कि पशुओं के भीतर छिपी गहरी संवेदनाओं और पारिवारिक एकता का जीवंत उदाहरण भी पेश करता है। वीडियो में एक नन्हे हाथी को डूबने से बचाने के लिए उसके पूरे परिवार द्वारा किए गए रेस्क्यू ऑपरेशन को देखा जा सकता है।
मां की ममता और जीवन की जंग
वायरल हो रहे फुटेज में देखा जा सकता है कि हाथियों का एक झुंड पानी के एक गड्ढे (Waterhole) के पास प्यास बुझाने और ठंडक पाने के लिए आता है। इसी दौरान, महज कुछ दिन पहले जन्मा एक नन्हा गजराज पानी में फिसल जाता है। फिसलन और कीचड़ के कारण वह गहरे पानी में जाने लगता है। अपने नवजात को डूबता देख मां हथिनी के होश उड़ जाते हैं। वह अपनी सूंढ़ के सहारे बच्चे को ऊपर खींचने की लगातार कोशिश करती है, लेकिन गीली मिट्टी की फिसलन के कारण उसे सफलता नहीं मिल पाती।
जब मदद को बढ़ा पूरा परिवार
स्थिति को बिगड़ता देख वहां मौजूद हाथियों का पूरा झुंड तुरंत हरकत में आ जाता है। यह दृश्य इस बात का प्रमाण है कि हाथियों में ‘कम्युनिटी बॉन्डिंग’ (Community Bonding) कितनी मजबूत होती है। मां की मदद के लिए झुंड की अन्य हथनियां भी गड्ढे में उतरती हैं। वीडियो में साफ दिखाई देता है कि कैसे सभी सदस्य मिल-जुल कर, अपनी सूंढ़ और पैरों का सहारा देते हुए, नन्हे हाथी को सुरक्षित बाहर निकालने की जद्दोजहद करते हैं।

