किसानों के लिए बड़ा ऐलान: सोयाबीन का मॉडल रेट 4225 रुपए, भावांतर योजना से बढ़ी उम्मीदें

भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार ने किसानों के लिए राहतभरी घोषणा करते हुए भावांतर भुगतान योजना के तहत शनिवार, 15 नवंबर को सोयाबीन का नया मॉडल रेट 4225 रुपए प्रति क्विंटल जारी किया है। यह दर उन किसानों पर लागू होगी जिन्होंने अपनी उपज मंडी प्रांगणों में विक्रय की है। इसी मॉडल रेट के आधार पर भावांतर की राशि का निर्धारण किया जाएगा।
सरकार द्वारा घोषित यह नया मॉडल रेट किसानों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है, क्योंकि बीते एक सप्ताह से सोयाबीन के मॉडल रेट में लगातार वृद्धि देखी जा रही है।
7 नवंबर को 4020 रुपए प्रति क्विंटल से शुरू होकर 14 नवंबर तक यह दर 4184 रुपए तक पहुँच गई थी, जिसे अब बढ़ाकर 4225 रुपए कर दिया गया है।
भावांतर योजना क्या है
भावांतर योजना एक मूल्य घाटा भुगतान योजना (Price Deficiency Payment Scheme) है, जिसका उद्देश्य किसानों को आर्थिक नुकसान से बचाना है। बाज़ार मूल्य और न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) के बीच होने वाले अंतर की भरपाई सरकार करती है, ताकि किसानों को उनके उत्पाद का उचित मूल्य मिल सके।
यह योजना मुख्य रूप से मध्यप्रदेश के सोयाबीन और बाजरा उत्पादक किसानों के लिए लागू है।
किसानों का कहना है कि मॉडल रेट में लगातार बढ़ोतरी से उनकी आय में सीधा फायदा होगा और रबी सीजन की तैयारियों में भी मजबूती मिलेगी।

