CRPF जवान के परिवार पर हमले का आरोप, पीड़िता ने की सुरक्षा की मांग

नीमच | देश की सुरक्षा में तैनात सीआरपीएफ जवान के परिवार की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं। नीमच शहर के पुरानी नगरपालिका क्षेत्र में रहने वाली मंजू पति सदाबहार सिंह ने जिला प्रशासन और पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है।
मंजू ने कलेक्टर और एसपी कार्यालय में आवेदन देकर आरोप लगाया कि उनके पड़ोसी ओमप्रकाश कंडारा और उसके परिजन आए दिन उनके परिवार को परेशान कर रहे हैं।
पीड़िता के अनुसार, 20 अक्टूबर 2025 को दीपावली के दिन आरोपियों ने उनके घर पर हमला किया और मारपीट की। इस संबंध में थाना नीमच कैंट में अपराध क्रमांक 516/2025 दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि घटना के अगले दिन शाम करीब 7 बजे ओमप्रकाश का रिश्तेदार दिलीप उनके घर के बाहर आया, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। कुछ देर बाद उसके साथी भी पहुंच गए और घर के बाहर पत्थरबाजी व दरवाजे तोड़ने की कोशिश की।
परिवार ने तुरंत 100 डायल और 112 पर सूचना दी, लेकिन पुलिस पहुंचने से पहले आरोपी भाग निकले।
मंजू ने बताया कि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड है, जिसकी फुटेज पुलिस को सौंपी गई है। उनका कहना है कि उनका पति देश सेवा में रहते हैं, और उनकी गैरमौजूदगी में आरोपी परिवार उन्हें डराने और धमकाने की कोशिश कर रहा है।
पुलिस ने इस मामले में ओमप्रकाश कंडारा, ज्योति, प्रशांत बारिया, विवेक मंडवारिया और लोकेश के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296, 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है।
हालांकि, अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई, जिससे उनके हौसले और बढ़ गए हैं।
पीड़िता ने कहा कि “मेरे पति देश की रक्षा करते हैं, लेकिन उनका परिवार घर में असुरक्षित महसूस कर रहा है।” उन्होंने प्रशासन और पुलिस से सुरक्षा व न्याय की मांग की है।

