गायत्री मंदिर मार्ग पर चला अतिक्रमण विरोधी अभियान, आवागमन में बाधा बने ढांचे हटाए

नीमच। जिला कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देश पर बुधवार, 12 नवंबर को नगर पालिका परिषद नीमच एवं यातायात विभाग की संयुक्त टीम ने गायत्री मंदिर रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।
अभियान का नेतृत्व डिप्टी कलेक्टर एवं पीओ डूंडा श्री पराग जैन, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती दुर्गा बामनिया और यातायात थाना प्रभारी श्री अमित सारस्वत ने किया।
शाम 5 बजे टीवीएस शोरूम चौराहा से शुरू हुई यह कार्यवाही कमल चौक तक चली और पुनः वापस शोरूम स्थल पर रात 7 बजे संपन्न हुई। इस दौरान फुटपाथों और दुकानों के बाहर किए गए अतिक्रमण, पक्के बोर्ड और होर्डिंग्स हटाए गए।
नगर पालिका दल ने 7 दुकानदारों के चालान बनाकर कुल ₹7000 का जुर्माना वसूला और कई दुकानों के बाहर रखा सामान जब्त किया। साथ ही जिन दुकानदारों ने सड़क तक शेड लगा रखे थे, उन्हें 3 दिन में स्वयं हटाने की चेतावनी दी गई।
अधिकारियों ने गायत्री मंदिर के सामने हायर सेकेंडरी स्कूल मैदान मार्ग, शौचालय के पास जमा अतिक्रमण तथा शनि मंदिर के पास तांगा अड्डे के रास्ते पर बने ढांचे हटाने के भी निर्देश दिए।
अभियान में राजस्व अधिकारी श्री संजय पाटीदार, टेकचंद बुनकर, महावीर जैन, हेमंत सिसोदिया, तेज प्रकाश चोपड़ा, स्वच्छता निरीक्षक श्री भारतसिंह भारद्वाज सहित नगर पालिका, पीडब्ल्यूडी, स्वास्थ्य और यातायात विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती दुर्गा बामनिया ने कहा कि “अतिक्रमण हटाओ मुहिम लगातार जारी रहेगी।”

