हरारे में लहराया तिरंगा: भारत ने छठी बार जीता U19 World Cup, 14 साल के वैभव ने 15 छक्के जड़कर क्रिकेट जगत में मचाया तहलका

U19 World Cup
हरारे: भारतीय क्रिकेट के भविष्य ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि दुनिया में उनसे बेहतर ‘नर्सरी’ कहीं और नहीं है। शुक्रवार रात जिम्बाब्वे के हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए हाई-वोल्टेज फाइनल में टीम इंडिया ने इंग्लैंड को 100 रनों के करारी शिकस्त देकर U19 World Cup का खिताब अपने नाम कर लिया। यह भारत का छठा विश्व कप खिताब है, जो इस टूर्नामेंट के इतिहास में किसी भी टीम द्वारा सर्वाधिक है।
भारतीय टीम ने न केवल 4 साल के अंतराल के बाद इस ट्रॉफी को चूमा है, बल्कि 2024 के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से मिली हार का घाव भी भर दिया है। यह जीत भारतीय क्रिकेट के उस दबदबे को दर्शाती है, जहाँ पिछले एक साल में सीनियर और जूनियर दोनों स्तरों पर भारत ने आईसीसी टूर्नामेंट्स में अपनी बादशाहत कायम रखी है।
वैभव सूर्यवंशी: 14 साल का वो तूफान जिसने रिकॉर्ड्स की धज्जियां उड़ा दीं
इस ऐतिहासिक U19 World Cup जीत के सबसे बड़े सूत्रधार रहे बिहार के 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी। वैभव ने फाइनल के दबाव को ऐसे झेला जैसे वह कोई मंझा हुआ खिलाड़ी हो। उन्होंने महज 80 गेंदों पर 175 रनों की ऐसी विध्वंसक पारी खेली कि इंग्लैंड के गेंदबाज असहाय नजर आए।
वैभव की इस पारी की सबसे खास बात उनकी ‘पावर हिटिंग’ रही। उन्होंने अपनी पारी में 15 चौके और रिकॉर्ड तोड़ 15 छक्के लगाए। यानी उनके 175 रनों में से 150 रन तो सिर्फ बाउंड्री से आए। वैभव अब यूथ वनडे क्रिकेट में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन (1412) बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने विजय जोल के 1404 रनों के पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।
मैच का पूरा हाल: भारत के 411 रनों के आगे पस्त हुआ इंग्लैंड
U19 World Cup में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं रही थी। ओपनर ऑरोन जॉर्ज मात्र 20 रन के स्कोर पर पवेलियन लौट गए। लेकिन इसके बाद वैभव और कप्तान आयुष म्हात्रे ने मोर्चा संभाला। दोनों के बीच 142 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई। कप्तान म्हात्रे ने 53 रनों का योगदान दिया, जिसने वैभव को खुलकर खेलने की आजादी दी।
भारत ने निर्धारित 50 ओवरों में 9 विकेट खोकर 411 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। यह U19 World Cup के इतिहास में फाइनल मैच का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। इसके जवाब में 412 रनों का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम 40.2 ओवर में 311 रनों पर ढेर हो गई। इंग्लैंड की ओर से कालेब फॉल्कनर ने 115 रनों की शतकीय पारी खेलकर संघर्ष जरूर किया, लेकिन वह भारत की सधी हुई गेंदबाजी के आगे नाकाफी रहा।
गेंदबाजी में चमके हेनिल पटेल और आरएस अंबरीश
बल्लेबाजी में वैभव के तूफान के बाद गेंदबाजी में हेनिल पटेल और आरएस अंबरीश ने मोर्चा संभाला। हेनिल पटेल, जिन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 4.44 की शानदार इकोनॉमी से गेंदबाजी की, इस U19 World Cup में भारत के टॉप विकेट टेकर रहे। उन्होंने कुल 11 विकेट झटके।
वहीं फाइनल मुकाबले में आरएस अंबरीश ने इंग्लैंड के 3 महत्वपूर्ण विकेट चटकाकर उनकी कमर तोड़ दी। अंबरीश ने इंग्लैंड के शतकवीर कालेब फॉल्कनर का बेशकीमती विकेट लेकर भारत की जीत की राह आसान की। दीपेश देवेंद्रन और कनिष्क चौहान ने भी 2-2 विकेट लेकर अपनी भूमिका बखूबी निभाई।
बधाइयों का लगा तांता
PM मोदी ने वर्ल्ड कप जीतने पर बधाई दी
India’s cricketing talent shines!
Proud of our U-19 team for bringing home the World Cup. The team has played very well through the tournament, showcasing exceptional skill. This win will inspire several young sportspersons too. Best wishes to the players for their upcoming…
— Narendra Modi (@narendramodi) February 6, 2026
तेंदुलकर ने वर्ल्डकप जीतने पर बधाई दी
Champions!
So proud of this young group and the fearless cricket they played. Well done to the entire team, including coaches and support staff. Enjoy the moment!
When you have a Sooryavanshi, a timeless blockbuster is expected! Well done, Vaibhav! pic.twitter.com/wGXtwt55SS
— Sachin Tendulkar (@sachin_rt) February 6, 2026
वैभव सूर्यवंशी द्वारा बनाए गए 8 बड़े विश्व रिकॉर्ड
इस U19 World Cup के दौरान वैभव ने अपनी बल्लेबाजी से रिकॉर्ड्स की एक नई किताब लिख दी है:
सर्वाधिक रन: भारत के लिए यूथ वनडे में सबसे ज्यादा 1412 रन।
हाईएस्ट इंडिविजुअल स्कोर: अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारत के लिए सबसे बड़ी 175 रनों की पारी।
ICC फाइनल रिकॉर्ड: किसी भी ICC टूर्नामेंट (सीनियर/जूनियर) के फाइनल में सबसे बड़ा स्कोर (175)।
बाउंड्री किंग: एक पारी में बाउंड्री से सबसे ज्यादा 150 रन बनाने वाले खिलाड़ी।
छक्कों का सैलाब: एक विश्व कप पारी में सबसे ज्यादा 15 छक्के।
करियर सिक्स: यूथ वनडे में अब तक कुल 110 छक्के, जो दूसरे नंबर के खिलाड़ी से दोगुने हैं।
सबसे तेज 150: महज 71 गेंदों में यूथ वनडे का सबसे तेज 150 रन।
एडिशन रिकॉर्ड: एक ही U19 World Cup एडिशन में सबसे ज्यादा 30 छक्के लगाने का रिकॉर्ड।
भारत का दबदबा: क्यों खास है यह जीत?
यह U19 World Cup में जीत इसलिए भी खास है क्योंकि भारतीय टीम ने लगातार चौथे ICC टूर्नामेंट में अपनी जीत का परचम लहराया है। पिछले एक साल में भारत ने विमेंस वनडे वर्ल्ड कप, चैंपियंस ट्रॉफी और 2024 टी-20 वर्ल्ड कप जीता है। ऑस्ट्रेलिया के 4 और पाकिस्तान के 2 खिताबों के मुकाबले भारत के 6 खिताब यह बताते हैं कि बीसीसीआई का ग्रासरूट लेवल प्रोग्राम कितना मजबूत है।
यह भी पढ़ें: नीमच में माफिया पर 5 बड़ी कार्रवाई: खनिज विभाग ने 1 JCB और 4 ट्रैक्टर किए जप्त, मचा हड़कंप

