मनासा में खाकर देव मंदिर के पुजारी को जान से मारने की धमकी, पुलिस से लगाई गुहार

(दिलीप बोराना)
मनासा। मनासा तहसील के ग्राम बड़कुआ स्थित खाकर देव मंदिर के सेवादार (पुजारी) मन्नालाल गुर्जर के साथ गांव के कुछ व्यक्तियों ने न केवल अभद्रता की बल्कि उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी है। यह पूरा विवाद मंदिर परिसर की भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के बाद शुरू हुआ। पीड़ित पुजारी ने अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
घटनाक्रम: अतिक्रमण हटने के बाद विवाद
यह मामला उस समय सामने आया जब 17 नवंबर 2025 को तहसीलदार और मौजा पटवारी की मौजूदगी में ग्राम बड़कुआ की नई आबादी स्थित खाकर देव बावजी मंदिर की भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाया गया। जिन लोगों का अतिक्रमण हटाया गया था, उनमें से कुछ व्यक्तियों ने इसके लिए सीधे मंदिर के सेवादार मन्नालाल गुर्जर को जिम्मेदार ठहराया।
सेवादार मन्नालाल ने बताया कि अधिकारी जैसे ही वहां से गए, विपक्षी समूह ने उन्हें घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए कहा कि ‘तेरे ही कहने पर हमारा अतिक्रमण हटाया गया है।’ पुजारी ने यह स्पष्ट किया कि उनका कार्य केवल मंदिर की पूजा करना है और उन्होंने किसी की कोई शिकायत नहीं की है, बावजूद इसके विपक्षी ने उन्हें धमकी दी कि अगर ‘आइंदा मंदिर पर पूजा-अर्चना करने आया तो तुझे जान से खत्म कर दूंगा।’
तलवार लेकर धमकाया: जान बचाकर भागे पुजारी
पुजारी मन्नालाल गुर्जर के अनुसार, धमकी देने के दो दिन बाद, 19 नवंबर 2025 को सुबह करीब 8 बजे जब वह पूजा करने मंदिर पहुंचे, तो विपक्षी हाथ में तलवार लेकर उन्हें मारने दौड़ा।
“उसने मुझसे कहा कि यहां पर पूजा-अर्चना की तो तुझे जान से खत्म कर दूंगा और तेरी लाश का भी पता नहीं लगने दूंगा।”
अपनी जान को खतरे में देख पुजारी मन्नालाल वहां से भाग निकले। इस गंभीर धमकी के कारण, भयवश कल और आज (18 और 19 नवंबर) मंदिर में पूजा-अर्चना भी नहीं हो पाई है। सेवादार ने संबंधित लोगों के खिलाफ थाने में आवेदन देकर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

