रफ्तार का कहर: नाइट ड्यूटी कर घर लौट रहे वंडर सीमेंट कर्मी को अज्ञात वाहन ने कुचला, मौके पर ही तोड़ा दम

नीमच । जिले के नयागांव चौकी क्षेत्र में बुधवार की सुबह एक परिवार के लिए काल बनकर आई। तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। निंबाहेड़ा (राजस्थान) से अपनी नाइट ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहे एक युवा को अज्ञात वाहन ने इतनी जोरदार टक्कर मारी कि उसकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
ड्यूटी से लौटते वक्त हुआ हादसा प्राप्त जानकारी के अनुसार, खोर निवासी 30 वर्षीय लाखन सिंह पिता दिलीप सिंह राठौड़ (राजपूत) निंबाहेड़ा स्थित वंडर सीमेंट फैक्ट्री में कार्यरत थे। वे अपनी ड्यूटी के प्रति बेहद सजग थे और मंगलवार रात की शिफ्ट पूरी करने के बाद बुधवार तड़के अपनी बाइक से वापस अपने गांव खोर लौट रहे थे। अभी वे नयागांव स्थित गौशाला के समीप पहुंचे ही थे कि सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दूर जा गिरे लाखन प्रत्यक्षदर्शियों और राहगीरों के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और लाखन सिंह सड़क पर काफी दूर जाकर गिरे। सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सुबह के समय हुई इस घटना ने वहां से गुजर रहे लोगों को भी दहला दिया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हादसे की सूचना मिलते ही नयागांव पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला चिकित्सालय नीमच पहुंचाया। इधर, जैसे ही हादसे की खबर खोर गांव और मृतक के परिजनों को मिली, घर में कोहराम मच गया। मृतक लाखन सिंह विवाहित थे, और उनकी असामयिक मृत्यु से पत्नी और माता-पिता पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस ने शुरू की वाहन की तलाश जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। नयागांव पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि टक्कर मारने वाले वाहन का सुराग मिल सके।

