The Times of MP

कहते है जो बाकी छुपाते है…

“Game Over: सेमली मेवाड़ में चल रहा था हार-जीत का दांव, फरार हुए ‘कमल’ और ‘मंगल’ को पुलिस ने धरदबोचा”


Highlight

  • नीमच सिटी पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, जुआ एक्ट के दो फरार आरोपी गिरफ्तार।

  • 12 नवंबर को सेमली मेवाड़ में हुई थी रेड, मौके से भागे थे आरोपी।

  • पुलिस ने आरोपियों पर धारा 170 बी.एन.एस.एस. के तहत की कार्यवाही।


नीमच : जिले में अवैध गतिविधियों और जुआ-सट्टा संचालित करने वालों के खिलाफ नीमच पुलिस अधीक्षक (SP) श्री अंकित जायसवाल के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान में पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। नीमच सिटी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जुआ प्रकरण में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

क्या है पूरा मामला ?

घटनाक्रम के अनुसार, दिनांक 12 नवंबर 2025 को पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि ग्राम सेमली मेवाड़ में शमशान के पास स्थित पड़त भूमि पर बड़े पैमाने पर जुए का फड़ संचालित हो रहा है। सूचना थी कि बोरदिया कलां निवासी कमल सिंह सोंधिया अन्य लोगों को बुलाकर ताश के पत्तों पर हार-जीत का दांव लगवा रहा है।

इस सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना नीमच सिटी की पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। उस समय पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी सूरजमल (निवासी मनासा) और मोनू (निवासी मनासा) को रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। मौके से पुलिस ने 20,000 रुपये नकद, 5 मोटरसाइकिलें और ताश के पत्ते जब्त किए थे। हालांकि, दबिश के दौरान अंधेरे और अफरातफरी का फायदा उठाकर कुछ आरोपी मौके से भागने में सफल हो गए थे।

फरार आरोपियों की गिरफ्तारी

घटना के बाद से ही पुलिस फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही थी। इसी कड़ी में आज नीमच सिटी पुलिस ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी सहायता से दोनों फरार आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमल सिंह पिता लाल सिंह सोंधिया और मंगल सिंह पिता मोहन सिंह सोंधिया (दोनों निवासी बोरदिया कलां, थाना नीमच सिटी) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ धारा 170 बी.एन.एस.एस. के तहत वैधानिक कार्यवाही की है।

सराहनीय भूमिका 

इस पूरी कार्यवाही में नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) सुश्री किरण चौहान के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी (TI) निरीक्षक पुष्पा सिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय रही। टीम में प्रधान आरक्षक जितेन्द्र जगावत, योगेन्द्र सिंह तोमर, आरक्षक लक्की शुक्ला, गणेश मालेचा, दशरथ थावरिया, मनोज प्रजापत, महेन्द्र कुमार और सायबर सेल नीमच का विशेष योगदान रहा।

 

 

No Slide Found In Slider.
Aakash Sharma (Editor) The Times of MP

error: Content is protected !!