नीमच पुलिस की बड़ी कार्रवाई: कॉम्बिंग गश्त में 121 वारंट तामील, 14 आबकारी प्रकरण दर्ज, कई आरोपी गिरफ्तार

image_750x_69020b0a4b08b

नीमच। पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन और एएसपी नवलसिंह सिसोदिया के मार्गदर्शन में, दिनांक 28-29 अक्टूबर की दरम्यानी रात नीमच जिले में व्यापक कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया। इस दौरान जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में पुलिस ने एक साथ कई स्तरों पर कार्रवाई करते हुए फरार आरोपियों की धरपकड़ और अवैध गतिविधियों पर नकेल कसी।

Shubham Solar Solution

कार्यवाही में जिलेभर के राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी एवं पुलिस बल शामिल रहे।
पुलिस ने रातभर चलाए गए अभियान में 121 वारंट तामील किए, जिनमें 30 स्थाई और 91 गिरफ्तारी वारंट शामिल हैं। इनमें मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े 2, शरीर संबंधी अपराधों के 54, और संपत्ति संबंधी अपराधों के 36 वारंट शामिल हैं।

इसके अलावा पुलिस ने 10 स्थानों पर संयुक्त चेकिंग की, जिसमें 250 वाहनों की जांच की गई और 30 वाहनों पर चालानी कार्रवाई कर ₹4000 का समन शुल्क वसूला गया। धारा 185 नो व्हीकल एक्ट के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर भी कार्रवाई की गई।

आबकारी अधिनियम के तहत 14 प्रकरण दर्ज कर 62 लीटर अवैध शराब जब्त की गई। वहीं, अवैधानिक गतिविधियों को रोकने के लिए 64 होटल, लॉज और ढाबों की जांच की गई।

पुलिस ने 90 निगरानी बदमाशों की चेकिंग, 29 अनावेदकों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और महिला संबंधी अपराधों के 4 आदतन आरोपियों की गतिविधियों की जांच भी की।

एसपी अंकित जायसवाल ने बताया कि वर्ष 2025 में यह 10वीं कॉम्बिंग गश्त थी और अब तक कुल 1215 वारंट तामील किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।

हो सकता है आप चूक गए हों