नीमच कलेक्टर के आदेश पर भारी ‘प्राइवेट स्कूलों की मनमानी’, पहले ही दिन उड़ी नियमों की धज्जियां

39312e67-7140-4fbc-97c8-fff3b4c8b714

“साहब! आदेश अपनी जगह, हमारा मैनेजमेंट अपनी जगह”: SSVM और टैलेंट एकेडमी समेत कई स्कूलों ने नहीं बदला समय

नीमच । नीमच में जिला कलेक्टर का आदेश शायद सिर्फ कागजों का शेर बनकर रह गया है। कड़ाके की ठंड में ठिठुरते नौनिहालों की फिक्र करते हुए प्रशासन ने कल ही स्कूलों का समय सुबह 9 बजे के बाद करने का ‘फरमान’ सुनाया था, लेकिन आज सुबह का नजारा कुछ और ही था। शहर के कई नामचीन निजी स्कूलों ने कलेक्टर के आदेश को ठेंगा दिखाते हुए अपनी मनमानी जारी रखी और नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ा दीं।

Shubham Solar Solution

जिन स्कूलों ने प्रशासन के आदेश को ताक पर रखा, उनमें शहर के प्रतिष्ठित SSVM (सरस्वती शिशु विद्या मंदिर) और टैलेंट एकेडमी (Talent Academy) जैसे बड़े नाम शामिल हैं।

स्कूलों के अजीबोगरीब तर्क: “20 मिनट में क्या हो जाएगा ?

जब हमने इस घोर लापरवाही पर स्कूलों के जिम्मेदारों से सवाल किया, तो उनके जवाब किसी ‘व्यंग्य’ से कम नहीं थे।

  • SSVM (वाइस प्रिंसिपल, प्रतिभा शर्मा): “हमने तो पहले ही समय 7:00 से बदलकर 8:40 कर दिया था। अब 9:00 बजे करने में सिर्फ 20 मिनट का ही तो फर्क है, इतने से फर्क के लिए आज एकदम से समय नहीं बदल सकते। हम आज मैनेजमेंट से बात करेंगे, कल से सुबह 9:00 बजे का समय तय करेंगे (रिपोर्टिंग 8:45 AM)।”

    • (रिपोर्टर का नोट: शायद स्कूल प्रबंधन को लगता है कि ठंड घड़ी देखकर लगती है और उन 20 मिनटों में बच्चों को ठंड नहीं सताएगी!)

  • टैलेंट एकेडमी (प्रिंसिपल, मनीष जी): “हमारे यहाँ कल (20 नवंबर) से नर्सरी से 10वीं तक के एग्जाम शुरू हो रहे हैं। उनका समय 9:00 बजे (रिपोर्टिंग 8:45 AM) ही रहेगा। इसलिए हमने आज से समय बदलना उचित नहीं समझा।”

    • (नोट: यानी आज का दिन ‘ट्रायल’ था? एक दिन आदेश का पालन न करने का यह तर्क कितना जायज है?)

DEO का सख्त रुख: “लापरवाही बर्दाश्त नहीं, होगी कार्रवाई”

प्राइवेट स्कूलों की इस मनमानी पर जब हमने जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) सुजनमल मांगरिया से तीखे सवाल किए, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि आदेश में कोई ‘किंतु-परंतु’ नहीं है।

DEO का बयान: “कलेक्टर का आदेश जारी होते ही तत्काल प्रभाव से लागू हो चुका है। चाहे सरकारी स्कूल हो या प्राइवेट, नियम सभी के लिए एक समान हैं। अगर किसी स्कूल ने आज समय परिवर्तन नहीं किया है, तो हम उन्हें सख्ती से आदेश देंगे। इसके बाद भी अगर लापरवाही बरती गई, तो उन पर उचित और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।”

अब देखना यह होगा कि प्रशासन की यह ‘सख्ती’ सिर्फ बयानों तक सीमित रहती है या हकीकत में इन मनमाने स्कूलों पर कोई लगाम कस पाती है।

संबंधित खबर : नीमच में शीतलहर का प्रकोप: नर्सरी से 8वीं तक के स्कूलों का समय बदला, अब 9 बजे के बाद लगेंगी कक्षाएं

हो सकता है आप चूक गए हों