नीमच-सिंगोली रोड पर कोहराम: डंपर ने बाइक सवार को कुचला, मौत पर भड़के आदिवासियों ने किया चक्काजाम, वाहनों में तोड़फोड़

नीमच। जिले के निर्माणाधीन नीमच-सिंगोली मार्ग पर सोमवार की सुबह खूनी रविवार में बदल गई। रफ़्तार के कहर ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। यहाँ सड़क निर्माण में लगे एक बेलगाम डंपर ने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
इस ह्रदयविदारक घटना के बाद दड़ौली में जनआक्रोश फूट पड़ा। पुलिस की लेटलतीफी से नाराज ग्रामीणों और आदिवासी समाज के लोगों ने मुख्य मार्ग को जाम कर दिया और मौके पर खड़े वाहनों में तोड़फोड़ कर दी।
क्या है पूरा मामला? प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम आंबा (दड़ौली पंचायत) के निवासी 42 वर्षीय कारूलाल पिता नंदलाल भील अपनी बाइक से जा रहे थे। तभी उदयपुर की ‘सांवरिया कंस्ट्रक्शन’ कंपनी के डंपर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि कारू लाल ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। मौका देखकर डंपर चालक फरार हो गया।
खाकी पर सवाल, सड़क पर बवाल प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि हादसे के बाद करीब 20 मिनट तक पुलिस नदारद रही। जब डीकेन चौकी से दो जवान पहुंचे भी, तो वे स्थिति संभालने के बजाय ग्रामीणों से बहस कर वापस लौट गए। इससे भीड़ का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने दो डंपरों के कांच फोड़ दिए और शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। फिलहाल मौके पर भारी तनाव है और अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की गई है।

Beta feature

