नीमच में युवक ने फांसी लगाई, कारण अज्ञात — पुलिस ने शुरू की जांच

नीमच। शहर के बघाना थाना क्षेत्र के एकता नगर में शुक्रवार शाम एक 22 वर्षीय युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान ओकेश सिकलीगर पुत्र मदनलाल सिकलीगर के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, ओकेश ने शाम करीब पांच बजे अपने घर की दूसरी मंजिल पर टॉवेल के सहारे फांसी लगा ली। परिवार के लोगों को जब घटना का पता चला, तो घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही बघाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को जिला अस्पताल भेजा गया। शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिससे युवक की आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस परिजनों और परिचितों से पूछताछ कर रही है ताकि आत्महत्या के पीछे की वजह सामने आ सके।

