PM आवासों में गंदगी की खबरों का CMO ने किया खंडन, हितग्राही बोले – “अब सब ठीक है!”

नीमच। नवलोकार्पित प्रधानमंत्री आवासों में साफ-सफाई न होने और गंदगी पसरी होने संबंधी डिजिटल मीडिया पर प्रसारित ख़बरों का नीमच नगर पालिका की मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) श्रीमती दुर्गा बामनिया ने खंडन किया है। सीएमओ ने दावा किया है कि आवासों में पर्याप्त साफ-सफाई करवा दी गई थी और हितग्राही अब पूरी तरह संतुष्ट हैं।
CMO बामनिया ने स्पष्ट किया कि, “प्रधानमंत्री आवास की रजिस्ट्री के बाद संबंधित हितग्राही को स्वयं M.P.E.B. से अपने नाम पर विद्युत कनेक्शन लेना होता है। ठेकेदार द्वारा प्रत्येक घर तक सभी ब्लॉकों में विद्युत लाइन पहुंचा दी गई है।” उन्होंने यह भी बताया कि मकानों का मेंटेनेंस 2 वर्ष तक संबंधित ठेकेदार/एजेंसी द्वारा किया जाएगा और यदि कोई कमी पाई जाती है तो ठेकेदार उसे अपने खर्चे पर दुरुस्त करेगा।
सैनी भी संतुष्ट, जलाई गईं दीपमालाएं
पिछली ख़बरों में आवास में गंदगी और जाले मिलने पर नाराज़गी व्यक्त करने वाले लाभार्थी श्री मदनलाल सैनी ने भी अब संतोष व्यक्त किया है। श्री सैनी ने बताया कि जब उन्होंने अपने आवास का ताला खोलकर देखा तो पर्याप्त साफ-सफाई थी। उनके अनुसार, “खिड़की के कांच बंद नहीं होने से पक्षियों ने घर के अंदर आकर थोड़ी गंदगी कर दी थी, जिसे भी नगर पालिका द्वारा संबंधित ठेकेदार के माध्यम से साफ और ठीक करवा दिया गया है।” श्री मदनलाल सैनी अब अपनी स्थिति से पूरी तरह संतुष्ट हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा धनतेरस के पावन अवसर पर लोकार्पित नीमच के इन प्रधानमंत्री आवासों में हितग्राहियों ने अब अपने-अपने आवासों में दीप जलाकर उन्हें रोशन किया है और धनतेरस का पूजन भी किया है। अपना स्वयं का पक्का मकान पाकर लाभार्थी बेहद खुश हैं, जैसा कि सीएमओ बामनिया ने बताया। इस खंडन और हितग्राहियों की संतुष्टि के बाद, आवासों में गंदगी को लेकर चल रहा विवाद थमने की उम्मीद है।

