नीमच में ‘न्यायोत्सव’ की धूम: विधिक सेवा सप्ताह के तहत मनासा में लगे जागरूकता शिविर

11

नीमच, मध्यप्रदेश। माननीय मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार आयोजित “न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह” (9 से 14 नवंबर 2025) के तहत, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नीमच द्वारा विधिक जागरूकता का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में, माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री वीरेंद्र सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में, मंगलवार 11 नवंबर 2025 को तहसील मनासा में विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

Shubham Solar Solution

महाविद्यालय में विशेष विधिक व्याख्यान

इस अभियान के तहत, मनासा के शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में एक विशेष विधिक जागरूकता व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नीमच की सचिव, श्रीमती शोभना मीणा और जिला विधिक सहायता अधिकारी, श्री प्रवीण कुमार उपस्थित रहे।

सचिव श्रीमती मीणा ने विद्यार्थियों को उनके अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करते हुए POCSO Act (बाल लैंगिक अपराध संरक्षण अधिनियम), बाल विवाह निषेध अधिनियम, किशोर न्याय अधिनियम और बाल श्रम निषेध अधिनियम जैसे महत्वपूर्ण कानूनी विषयों पर विस्तृत जानकारी दी।

हाड़ी पिपलिया में महिलाओं और बच्चों के लिए शिविर

इसी दिन, ग्राम हाड़ी पिपलिया में गैर-सरकारी संस्था जन साहस के सहयोग से एक विशेष विधिक जागरूकता शिविर लगाया गया। इस शिविर में विशेष रूप से उपस्थित महिलाओं और बच्चों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

सचिव महोदय ने विशेष समुदाय के बच्चों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराया और उन्हें पूरी लगन के साथ पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। बच्चों ने भी उन्हें विश्वास दिलाया कि वे शिक्षा के मार्ग पर अग्रसर होकर अपने गाँव और समाज का नाम रोशन करेंगे।

शिविर में जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री प्रवीण कुमार, संस्था जन साहस के जिला समन्वयक श्री गजानंद तथा श्री विकास अहीर सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

 

हो सकता है आप चूक गए हों