चित्तौड़गढ़ : राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में मालगाड़ी डिरेल की साजिश नाकाम कर दी गई है। मंगलवार तड़के अज्ञात बदमाशों ने चित्तौड़गढ़-कोटा रेललाइन पर एक बड़ी तबाही की पटकथा लिख दी थी। तोरनिया और सुवावा गांव के बीच ओराई नदी की पुलिया के ऊपर रेलवे ट्रैक पर 17 फीट लंबी लोहे की भारी-भरकम पटरी रख दी गई। हालांकि, लोको पायलट की सूझबूझ और इमरजेंसी ब्रेक के चलते एक भयानक रेल हादसा होने से टल गया।
पुरानी लोहे की पटरी का टुकड़ा रखा

रेल ट्रैक पर 17 फीट की लोहे की पटरी रखकर मालगाड़ी को गिराने की कोशिश की।

मौके पर पहुंच कर मामले की जांच करती आरपीएफ और जीआरपी की टीम।
रात के करीब 3:30 बजे चित्तौड़गढ़ से कोटा की ओर जा रही इस मालगाड़ी के लोको पायलट को ट्रैक पर कुछ संदिग्ध नजर आया। अंधेरे में जब तक स्थिति पूरी तरह साफ होती, पायलट ने खतरे को भांपते हुए तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए। ट्रेन की रफ्तार तेज होने के कारण इंजन पटरी पर रखे उस 17 फीट लंबे लोहे के टुकड़े से जोरदार तरीके से टकराया। गनीमत यह रही कि टक्कर के बाद वह भारी टुकड़ा ट्रैक से छिटक कर नीचे गिर गया और ट्रेन सुरक्षित रही।
लोको पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
अगर मालगाड़ी की रफ्तार थोड़ी भी ज्यादा होती या वह लोहे का टुकड़ा इंजन के पहियों में फंस जाता, तो पूरी की पूरी मालगाड़ी ओराई नदी में गिर सकती थी। साफ है कि यह महज कोई शरारत नहीं थी, बल्कि ट्रेन को पलटाने और रेलवे को भारी नुकसान पहुंचाने का एक सोचा-समझा प्लान था। घटना के बाद चालक ने नजदीकी स्टेशन को सूचना दी। कुछ देर रुकने के बाद मालगाड़ी को कोटा के लिए रवाना कर दिया गया और रेल यातायात सुचारू रहा।
अब सवाल यह है कि इतना भारी टुकड़ा ट्रैक पर आया कैसे? रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, 17 फीट लंबी रेल लाइन का टुकड़ा इतना वजनी होता है कि उसे कोई अकेला व्यक्ति नहीं उठा सकता। यानी, इस घटना में एक से ज्यादा बदमाश शामिल थे, जिन्होंने पास ही पड़े पुरानी लाइनों के ढेर से इसे उठाकर मुख्य ट्रैक पर रखा।
घटना के बाद कोटा स्टेशन पर तैनात आरपीएफ (RPF) सीआई चौप सिंह डाबर ने चित्तौड़गढ़ के बस्सी थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवा दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बुधवार शाम उदयपुर रेंज के आईजी गौरव श्रीवास्तव और कोटा मंडल के डीआरएम अनिल कालरा ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया। फिलहाल, बस्सी और पारसोली थाना पुलिस के साथ साइबर सेल की टीम सक्रिय हो गई है। इलाके के बीटीएस (BTS) डेटा खंगाले जा रहे हैं ताकि उन अज्ञात चेहरों को जल्द से जल्द बेनकाब किया जा सके।
यह भी पढ़ें: CBN का डबल एक्शन: राजस्थान में 1835 किलो से ज्यादा गांजा और डोडाचूरा जब्त, तस्करों में मचा हड़कंप
ताज़ा ख़बरों का अपडेट सीधा अपने फोन पर पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।

















