बेंगलुरु | दलीप ट्रॉफी 2026 के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी बल्ले से भले ही ज्यादा कमाल नहीं दिखा सके, लेकिन उनकी जर्सी ने सभी का ध्यान खींच लिया। वैभव सूर्यवंशी जर्सी पर टेप लगाकर मैदान पर उतरे, जिसके बाद फैंस के बीच सवाल उठने लगा कि आखिर उन्होंने जर्सी पर टेप क्यों लगाया है।
ईस्ट जोन की ओर से नॉर्थ ईस्ट जोन के खिलाफ खेले गए इस मुकाबले में वैभव की जर्सी के पीछे नंबर वाली जगह पर टेप दिखाई दिया। बाद में इसकी वजह उनके पसंदीदा जर्सी नंबर 3 से जुड़ी सामने आई।
जर्सी पर टेप लगाने के पीछे क्या वजह?
Vaibhav Sooryavanshi is now taking wickets too! pic.twitter.com/OhdCbuWxRq
— Horizon Wire (@HorizonWireHW) August 25, 2026
वैभव सूर्यवंशी का पसंदीदा जर्सी नंबर 3 है। लेकिन दलीप ट्रॉफी में उन्हें ऐसी जर्सी मिली, जिसमें नंबर 3 के आगे भी एक और अंक था। अपने पसंदीदा नंबर 3 को बनाए रखने के लिए वैभव ने उस अतिरिक्त अंक पर टेप लगा दिया। यही वजह है कि मुकाबले के दौरान वैभव सूर्यवंशी जर्सी पर टेप लगाए हुए नजर आए। यह नंबर वैभव के लिए खास माना जाता है। जानकारी के अनुसार, नंबर 3 का कनेक्शन उनकी मां से है। इसी वजह से वह इसे अपना पसंदीदा नंबर मानते हैं। आईपीएल में भी वह राजस्थान रॉयल्स की ओर से नंबर 3 की जर्सी पहनकर खेलते हुए नजर आते हैं।
बल्ले से सिर्फ 8 रन, गेंद से चौंकाया
नॉर्थ ईस्ट जोन के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में वैभव सूर्यवंशी बल्लेबाजी में बड़ी पारी नहीं खेल सके। वह सिर्फ 8 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। हालांकि, बल्लेबाजी में असफल रहने के बाद उन्होंने गेंदबाजी में जरूर प्रभावित किया। वैभव ने 3 ओवर गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 11 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। इस प्रदर्शन के बाद उनकी गेंदबाजी भी चर्चा में रही। हालांकि, रेड बॉल क्रिकेट में उनकी बल्लेबाजी को लेकर लगातार नजर बनी हुई है। रणजी ट्रॉफी में भी अब तक उनके बल्ले से अपेक्षित रन नहीं आए हैं। वहीं अंडर-19 स्तर पर उन्होंने रेड बॉल क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन किया है।
अब सेंट्रल जोन के खिलाफ अगली परीक्षा
दलीप ट्रॉफी 2026 में ईस्ट जोन अब सेमीफाइनल मुकाबले में सेंट्रल जोन का सामना करेगा। ऐसे में वैभव सूर्यवंशी के सामने अगले मैच में बल्ले से बेहतर प्रदर्शन करने की चुनौती होगी।टी-20 और वनडे फॉर्मेट में अपनी पहचान बना चुके वैभव के लिए रेड बॉल क्रिकेट में निरंतर प्रदर्शन करना अहम रहेगा। दलीप ट्रॉफी के बाद वह बिहार के लिए भी रणजी ट्रॉफी के कुछ मुकाबले खेलने वाले हैं। फिलहाल, नॉर्थ ईस्ट जोन के खिलाफ मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी जर्सी पर टेप लगाने की तस्वीर ने फैंस का ध्यान खींचा है। इसके पीछे की वजह उनका पसंदीदा नंबर 3 बताया गया है। अब देखना होगा कि सेंट्रल जोन के खिलाफ सेमीफाइनल में वैभव बल्ले से कितना प्रभाव छोड़ पाते हैं।
ताज़ा ख़बरों का अपडेट सीधा अपने फोन पर पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।






