Advertisement

दिनदहाड़े चोरी: चीताखेड़ा में सूने मकान से 2.5 किलो चांदी और ₹40 हजार नगदी ले उड़े बदमाश

chori scaled

नीमच। मध्य प्रदेश के नीमच जिले के चीताखेड़ा क्षेत्र में गुरुवार को दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज चोरी की वारदात ने पुलिस के सुरक्षा दावों को चुनौती दे दी है। माली मोहल्ले के पास स्थित एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए अज्ञात बदमाश दो से ढाई किलो चांदी के आभूषण और ₹40,000 की नगदी लेकर फरार हो गए।

TOMP Advt-1

मिली जानकारी के अनुसार, कृषक कमलेश पिता जसराज माली के मकान पर लगी ताले को तोड़कर बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया। यह घटना गुरुवार को भरी दोपहरी में करीब साढ़े ग्यारह बजे के आसपास हुई।

गोदरेज अलमारी से उड़ाया माल

बदमाशों ने मुख्य दरवाजे का ताला चटकाने के बाद घर के अंदर रखी गोदरेज की अलमारी का भी ताला तोड़ा। कमलेश माली ने बताया कि अलमारी में ढाई किलो चांदी के आभूषण—जिनमें पायजेब, कंदोला और सट शामिल हैं—के साथ सोने की अंगूठी और ₹40,000 नगद रखे हुए थे, जिन्हें बदमाश ले भागे।

शौक निवारण कार्यक्रम में व्यस्त था परिवार

कृषक कमलेश माली ने बताया कि वह स्वयं साढ़े ग्यारह बजे ताला लगाकर कृषि कार्य के लिए खेत पर चले गए थे। वहीं, परिवार के सभी सदस्य पास में ही एक शोक निवारण (घाटा) कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गए हुए थे। बदमाशों ने आवागमन वाले इस संवेदनशील मार्ग पर, परिवार की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर, बड़ी कुशलता से सभी की आँखों में धूल झोंकते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सहायता केंद्र चीताखेड़ा चौकी प्रभारी राजेंद्र सिंह सिसौदिया तत्काल मौके पर पहुँचे। उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और पंचनामा बनाकर मामले को विवेचना में लिया है।

चौकी प्रभारी राजेंद्र सिंह सिसौदिया ने बताया, “हमारा पहला लक्ष्य बदमाशों की पहचान करना है। इसके लिए हम इलाके में लगे मकानों और दुकानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं। बदमाशों की आवाजाही को ट्रैक करने के प्रयास किए जा रहे हैं।”

पीड़ित कमलेश माली ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़ने और चोरी गए आभूषणों व नगदी की बरामदगी की मांग की है।

ताज़ा ख़बरों का अपडेट सीधा अपने फोन पर पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें