नीमच में बढ़ी चेन स्नेचिंग की घटनाएं, SP अंकित जायसवाल की सक्रिय टीम ने आरोपी जीतू को पकड़ा — जावी गांव का सुनार भी चढ़ा हत्थे

नीमच। शहर और ग्रामीण इलाकों में बढ़ती चेन स्नेचिंग की घटनाओं ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी थी। मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश एवं पुलिस महानिदेशक भोपाल के निर्देश पर चल रहे “सम्पत्ति संबंधी अपराधियों की धरपकड़ अभियान” के तहत, पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने पूरी टीम को एक्टिव किया। लगातार मॉनिटरिंग और तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी जयेश उर्फ जीतू मालवीय और उसके सहयोगी राजेश सोनी (सुनार) को गिरफ्तार कर लिया है।
दो दिन में तीन वारदातों ने मचाई सनसनी
पहली वारदात (05 सितंबर 2025):
फरियादी अनिता लक्षकार ने पुलिस चौकी सरवानिया महाराज पर रिपोर्ट दर्ज कराई कि स्कूल कार्यक्रम के बाद सहेलियों के साथ घर लौटते समय नीमच-सिंगोली रोड पर एक हेलमेटधारी बाइक सवार ने पीछे से आकर उनके गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गया।
इस पर थाना जावद में अपराध क्रमांक 469/2025, धारा 304(2) बी.एन.एस. के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
दूसरी और तीसरी वारदात (07 सितंबर 2025):
शाम करीब 7:50 बजे फरियादी लक्ष्मी जैन अपने पति के साथ घूमने निकली थीं। डीपी ज्वैलर्स के पास गली (टीचर कॉलोनी) में एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से आया और उनके गले की सोने की चेन झपटकर भाग गया।
इसी दिन रात 8 बजे कलेक्टर बंगले के सामने ज्योति गर्ग अपनी बेटी के साथ स्कूटी पर जा रही थीं, तभी उसी हुलिये का शख्स बाइक से आया और चलती स्कूटी से उनके गले की चेन छीनकर फरार हो गया।
इस पर थाना नीमच केंट में अपराध क्रमांक 449/2025, धारा 304 बी.एन.एस. दर्ज किया गया।
दो दिन में तीन वारदातें होने से शहर में दहशत का माहौल बन गया। SP अंकित जायसवाल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों थानों — नीमच केंट और नीमच सिटी — के साथ साइबर सेल की संयुक्त जांच टीम गठित की।
150 CCTV कैमरों की जांच और सटीक तकनीकी साक्ष्य
पुलिस टीम ने घटनास्थलों के आसपास के लगभग 150 CCTV फुटेज खंगाले। तकनीकी विश्लेषण के बाद आरोपी की पहचान हुई।
फुटेज के आधार पर पुलिस ने मनासा, जावद, मल्हारगढ़, मंदसौर, निम्बाहेड़ा, चित्तौड़गढ़, कोटा और झालावाड़ तक जांच बढ़ाई।
2 नवंबर 2025 को नीमच केंट थाना क्षेत्र के भरभड़िया फंटा पर चेकिंग के दौरान आरोपी को दबोच लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जयेश उर्फ जीतू पिता गिरजाशंकर मालवीय (31 वर्ष), निवासी ग्राम कंजार्डा थाना मनासा के रूप में हुई।
पूछताछ में उसने 5 और 7 सितंबर की घटनाओं को खुद द्वारा अंजाम देना स्वीकार किया। उसने यह भी बताया कि छीनी गई चेनें वह राजेश पिता घनश्याम सोनी, निवासी ग्राम जावी थाना नीमच सिटी को बेच देता था।
पुलिस ने राजेश सोनी को भी गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी का वारदात करने का तरीका
जयेश उर्फ जीतू नशे का आदी है। नीमच जिले का स्थानीय निवासी होने के कारण वह इलाके की भौगोलिक स्थिति से पूरी तरह वाकिफ था।
वह पहले से तय इलाकों में जाकर अकेली महिलाओं पर नजर रखता था और मौका पाकर गले की चेन झपट लेता था।
वारदात के बाद ग्रामीण या कच्चे रास्तों से फरार हो जाता था ताकि ट्रेस न किया जा सके।
अपनी पहचान छिपाने के लिए वह साथ में एक अतिरिक्त शर्ट रखता था, जो घटना के बाद रास्ते में बदल लेता था। घटना के समय वह हेलमेट और मास्क पहनकर अपनी पहचान छिपाता था और वारदात में प्रयुक्त कपड़े गांव में नहीं पहनता था।
बरामदगी और आरोपियों का विवरण
गिरफ्तार आरोपी:
जयेश उर्फ जीतू पिता गिरजाशंकर मालवीय (31 वर्ष) — निवासी ग्राम कंजार्डा थाना मनासा नीमच
राजेश पिता घनश्याम सोनी — निवासी ग्राम जावी थाना नीमच सिटी
जप्त सामग्री:
सोने की 03 चेनें
घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल MP-44-ZE-6997
टीम का सराहनीय योगदान
इस कार्रवाई में थाना नीमच केंट प्रभारी निरीक्षक वीरेन्द्र झा, थाना नीमच सिटी प्रभारी निरीक्षक विकास पटेल, साइबर सेल टीम और आरक्षक सोनेन्द्र सिंह, सर्वेश यादव, दशरथ थावरिया, लक्की शुक्ला का विशेष योगदान रहा।
SP अंकित जायसवाल ने पूरी टीम की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी दक्षता की सराहना की है।

