मंदसौर। जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां गरोठ इलाके का एक युवक कुछ ही घंटों के भीतर दो बार सड़क हादसे का शिकार हो गया। पहले वह अपनी बाइक से गिरकर घायल हुआ और जब उसे इलाज के लिए मंदसौर जिला चिकित्सालय अस्पताल ले जाया जा रहा था, तब उसकी गाड़ी फिर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में युवक बुरी तरह घायल हो गया है, जिसे बेहतर इलाज के लिए अहमदाबाद रेफर किया गया है।
अस्पताल ले जाते समय हुआ दूसरा हादसा
जानकारी के अनुसार, गरोठ थाना क्षेत्र के साठखेड़ा गांव निवासी रामनिवास (पिता देवी सिंह मीणा) मंगलवार रात अपनी मोटरसाइकिल से एक हादसे का शिकार हो गए थे। परिजनों ने उन्हें तुरंत गरोठ अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मंदसौर जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।
मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात रामनिवास को उनके पिता देवी सिंह, दोस्त बबलू धाकड़, सुंदरलाल विश्वकर्मा और अनिल मीणा मंदसौर लेकर जा रहे थे। इसी दौरान गुर्जरबर्डिया गांव की पुलिया के पास सामने से अचानक एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल आ गई। उसे बचाने के प्रयास में उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई। इस हादसे में पहले से घायल रामनिवास को सिर, हाथ और मुंह पर और ज्यादा गंभीर चोटें आ गईं।
राहगीरों ने बचाई जान
हादसे के वक्त वहां से गुजर रहे राहगीर चेतन भाटोदरा और दिलीप ने इंसानियत दिखाते हुए तुरंत घायलों को वाहन से बाहर निकाला और एंबुलेंस को फोन किया। सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में रामनिवास के साथ मौजूद अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं और वे खतरे से बाहर हैं।
बुधवार सुबह मंदसौर जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने रामनिवास की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें आगे के इलाज के लिए अहमदाबाद रेफर कर दिया है।
यह भी पढ़ें: नीमच में अवैध पिस्तौल का मामला: पुलिस की सटीक कार्रवाई, 2 आरोपी गिरफ्तार
ताज़ा ख़बरों का अपडेट सीधा अपने फोन पर पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।
















