नीमच (मध्य प्रदेश): जावद थाने में पदस्थ एक सहायक उप-निरीक्षक (ASI) की घोर लापरवाही और नशे की लत ने ‘रक्षक ही भक्षक’ की कहावत को एक बार फिर चरितार्थ कर दिया। शुक्रवार देर शाम केंट थाना क्षेत्र के भरभड़िया फंटे पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में, नशे में धुत ASI मनोज यादव ने अपनी अनियंत्रित कार से एक साथ चार मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में एक शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मोटरसाइकिल सवार अन्य महिला, पुरुष और बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका उपचार जिला अस्पताल में जारी है।
हादसे का विवरण:
मिली जानकारी के अनुसार, जावद थाने में पदस्थ ASI मनोज यादव नशे की हालत में अपनी कार चला रहे थे और बताया जा रहा है कि कार के भीतर ‘दारू पार्टी’ चल रही थी। तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण उन्होंने होशोहवास खो दिए और आगे चल रही चार मोटरसाइकिलों को जोरदार टक्कर मार दी।
मृतक की पहचान:
इस भीषण टक्कर में जावद निवासी दशरथ पिता शंभूसिंह की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक दशरथ जावद के ज्ञानोदय आईटीआई कॉलेज में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
देखे वीडियो:
पुलिस कार्रवाई और सवाल:
घटना की सूचना मिलते ही केंट पुलिस मौके पर पहुंची और आनन-फानन में घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिलों को हटाने के लिए पिकअप का सहारा लेना पड़ा। यह घटना पुलिस महकमे पर गंभीर सवाल खड़े करती है। जब क़ानून के रखवाले ही नशे में धुत होकर आम जनता की जान जोखिम में डालेंगे, तो आम नागरिक किस पर भरोसा करेगा?
अब देखना यह होगा कि आम जनता की जान लेने वाले इस ‘नशेड़ी’ पुलिसकर्मी पर उच्च अधिकारी क्या सख्त और मिसाल कायम करने वाला एक्शन लेते हैं।
ताज़ा ख़बरों का अपडेट सीधा अपने फोन पर पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।

