नीमच । नीमच जिला प्रशासन ने सोमवार को एक ऐसी पहल की, जिसकी पूरे जिले में चर्चा हो रही है। “ईंधन की बचत” को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा सहित जिले के सभी वरिष्ठ अधिकारी अलग-अलग सरकारी वाहनों की बजाय एक ही यात्री बस से ग्राम दलपतपुरा में आयोजित तीसरी रात्रि चौपाल के लिए रवाना हुए। प्रशासन की इस पहल को लोगों ने पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत की दिशा में बड़ा कदम बताया है।
कलेक्ट्रेट परिसर से बस रवाना होने से पहले कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने हरी झंडी दिखाकर अधिकारियों के दल को रवाना किया। बस में जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, वन मंडलाधिकारी श्री एसके अटोदे, एडीएम श्री बीएस कलेश सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। सभी अधिकारी एक साथ बस में बैठकर तीसरी रात्रि चौपाल में पहुंचे और ग्रामीणों से सीधा संवाद किया।
कलेक्टर श्री चंद्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीऔर मुख्यमंत्री मोहन यादव लगातार ऊर्जा संरक्षण और ईंधन की बचत का संदेश दे रहे हैं। इसी संदेश को व्यवहार में लागू करने के लिए जिला प्रशासन ने यह पहल शुरू की है।
उन्होंने बताया कि अलग-अलग वाहनों की जगह एक बस का उपयोग करने से पेट्रोल-डीजल की बचत होगी और पर्यावरण प्रदूषण भी कम होगा। प्रशासन की इस पहल से आम लोगों को भी साझा यात्रा अपनाने की प्रेरणा मिलेगी।
तीसरी रात्रि चौपाल के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। प्रशासन की इस पहल को ग्रामीणों और सोशल मीडिया पर लोगों ने सराहा है।
ताज़ा ख़बरों का अपडेट सीधा अपने फोन पर पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।






