नीमच । नीमच जिले की तहसील जीरन के अनुसूचित जनजाति बाहुल्य ग्राम दलपतपुरा में आयोजित दलपतपुरा रात्रि चौपाल में प्रशासन और ग्रामीणों के बीच सीधा संवाद देखने को मिला। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने गांव पहुंचकर ग्रामीणों के साथ जाजम पर बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तुरंत निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

दलपतपुरा रात्रि चौपाल में ग्रामीणों ने सबसे ज्यादा पेयजल, बिजली और सड़क की समस्याएं उठाईं। जल निगम को निर्देश दिए गए कि तीन दिन के भीतर रोड रेस्टोरेशन का कार्य पूरा किया जाए और जिन बसाहटों में अभी तक नल कनेक्शन नहीं पहुंचे हैं, वहां जल्द व्यवस्था की जाए। अधिकारियों ने बताया कि अगले दो महीनों में गांवों में नल से जलापूर्ति शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।

बिजली समस्या को लेकर भी ग्रामीणों ने शिकायत की। इस पर कलेक्टर ने दलपतपुरा की विद्युत लाइन को जीरन से जोड़ने के लिए एक सप्ताह में सर्वे कराने के निर्देश दिए। साथ ही लो वोल्टेज की समस्या दूर करने के लिए नए ट्रांसफार्मर लगाने का आश्वासन भी दिया गया।

दलपतपुरा रात्रि चौपाल में रोजगार के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। भगवान बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना के तहत 11 हितग्राहियों के प्रकरण तैयार किए गए हैं। पैर से दिव्यांग युवक पवन ने रोजगार सहायता की मांग रखी, जिस पर कलेक्टर ने उसे स्वरोजगार योजना के तहत ऋण उपलब्ध कराने और जरूरत पड़ने पर रेड क्रॉस से आर्थिक मदद दिलाने का भरोसा दिया।
सड़क मरम्मत को लेकर लोक निर्माण विभाग को जीरन-चीताखेड़ा मार्ग की तत्काल मरम्मत करने और गड्ढे भरने के निर्देश दिए गए। वहीं हरवार गांव की क्षतिग्रस्त पीएमजीएसवाई सड़क को भी जल्द सुधारने के आदेश दिए गए।
गांव के विकास कार्यों के तहत स्टॉप डेम मरम्मत, शाला बाउंड्री वॉल, पुलिया निर्माण, शमशान शेड और खेल मैदान के प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया। मुख्यमंत्री मजरा-टोला योजना के तहत दलपतपुरा की पुरानी आबादी में सड़क निर्माण कार्य भी स्वीकृत हो चुका है।
दलपतपुरा रात्रि चौपाल में महिला एवं बाल विकास विभाग ने कुपोषित बच्चों को सुपोषण किट भी वितरित की। कार्यक्रम के अंत में कलेक्टर ने अधिकारियों के साथ गांव में ही रात्रि भोजन किया। बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं और स्थानीय लोग चौपाल में शामिल हुए।
ताज़ा ख़बरों का अपडेट सीधा अपने फोन पर पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।






