नीमच । नीमच जिले में गैस एजेंसी ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। कड़ेश्वर निवासी कन्हैयालाल पुरोहित ने आरोप लगाया है कि गैस एजेंसी दिलाने और बिजनेस पार्टनरशिप के नाम पर उनसे करीब 60 लाख रुपए लिए गए। पीड़ित का कहना है कि रकम लेने के बाद न तो एजेंसी दिलाई गई और न ही पैसे वापस किए गए।
सोमवार को कन्हैयालाल अपने समाज के लोगों के साथ नीमच एसपी कार्यालय पहुंचे और पूरे मामले की शिकायत करते हुए ज्ञापन सौंपा। झाबुआ एसपी को भी आवेदन भेजा गया है।
बिजनेस एग्रीमेंट के दौरान लिए दस्तावेज
पीड़ित के मुताबिक, थांदला क्षेत्र के एक गैस एजेंसी संचालक से उनके कारोबारी संबंध थे। इसी दौरान बिजनेस एग्रीमेंट के नाम पर उनसे पहचान पत्र, फोटो और अन्य दस्तावेज लिए गए। कन्हैयालाल का आरोप है कि इन्हीं दस्तावेजों का गलत इस्तेमाल किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि 10 जून 2025 के आसपास कई ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के जरिए बड़ी रकम आरोपियों को दी गई थी। लंबे समय तक इंतजार के बावजूद काम शुरू नहीं हुआ।
पैसे मांगने पर धमकी देने का आरोप
कन्हैयालाल ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने 27 सितंबर को अपनी रकम वापस मांगी, तब आरोपियों ने उन्हें गंभीर मामलों में फंसाने की धमकी दी। शिकायत के अनुसार, बाद में एक नाबालिग लड़की के जरिए 8 मार्च 2026 को थांदला थाने में उनके खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई गई।
पीड़ित का दावा है कि वह लड़की या उसके परिवार को जानते तक नहीं हैं। उनका कहना है कि उन्हें मानसिक दबाव में लाने की कोशिश की जा रही है।
तकनीकी जांच की मांग
गैस एजेंसी ठगी मामले में पीड़ित और समाज के लोगों ने वरिष्ठ अधिकारी से जांच कराने की मांग की है। ज्ञापन में बैंक ट्रांजैक्शन, मोबाइल कॉल रिकॉर्ड और डिजिटल सबूतों की तकनीकी जांच कराने की मांग उठाई गई है।
हालांकि, मामले में पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है।
ताज़ा ख़बरों का अपडेट सीधा अपने फोन पर पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।






