नीमच। नीमच में मंगलवार को आयोजित आज की जनसुनवाई में बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने आम नागरिकों की शिकायतें सुनीं, जबकि पुलिस कंट्रोल रूम में एसपी श्री राजेश व्यास ने पुलिस जनसुनवाई एवं सीएम हेल्पलाइन शिविर में फरियादियों की समस्याओं पर सुनवाई की। दोनों शिविरों में मिलाकर 200 से अधिक आवेदनों पर कार्रवाई की गई।
प्रशासन के अनुसार, कलेक्ट्रेट में आयोजित आज की जनसुनवाई में 140 आवेदकों ने आवेदन प्रस्तुत किए। वहीं पुलिस विभाग के शिविर में करीब 64 फरियादी पहुंचे। अधिकारियों ने कई मामलों में संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
अवैध कब्जे और आर्थिक सहायता के मामलों पर तुरंत निर्देश
ग्राम गिरदौड़ा निवासी रामप्यारी बाई ने खाली जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराई। मामले को सुनने के बाद कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने तहसीलदार नीमच ग्रामीण को तत्काल जांच करवाने और पटवारी भेजने के निर्देश दिए।
इसी दौरान कांकरिया तलाई निवासी दिव्यांग बल्लुराम बंजारा ने स्वरोजगार के लिए आर्थिक सहायता मांगी। कलेक्टर ने पिछड़ा वर्ग विभाग के अधिकारियों को शासन की योजना के तहत लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
आज की जनसुनवाई में जयप्रकाश नगर जीरन निवासी दिव्यांग पूनमचंद ने आर्थिक परेशानी की जानकारी दी। इस पर कलेक्टर ने रेडक्रास के माध्यम से 10 हजार रुपये की तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
पूजा और उसके भाइयों को मिलेगा योजना का लाभ
ग्राम केरी निवासी बालिका पूजा के आवेदन पर प्रशासन ने संवेदनशीलता दिखाई। कलेक्टर ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया कि पूजा और उसके तीन भाइयों को फॉस्टर केयर योजना से लाभान्वित किया जाए।
जनसुनवाई में दुधिखेड़ा, पडदा, पिपल्याघोटा, महागढ़, निपानिया, भाटखेड़ी और रामपुरा सहित कई गांवों से लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। अधिकांश आवेदन राजस्व, सामाजिक सुरक्षा और प्रशासनिक मामलों से जुड़े रहे।
पुलिस जनसुनवाई में CM हेल्पलाइन की 12 शिकायतें बंद
पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित आज की जनसुनवाई के दौरान एसपी श्री राजेश व्यास ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं। पुलिस विभाग के अनुसार, सीएम हेल्पलाइन की लेवल-1, लेवल-2 और लेवल-3 की कुल 12 शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण कर उन्हें बंद कराया गया।
एसपी ने थाना प्रभारियों को शिकायतों का निष्पक्ष और समयबद्ध समाधान करने के निर्देश दिए। साथ ही थाना स्तर पर भी नियमित शिकायत निवारण शिविर लगाने की बात कही।
ताज़ा ख़बरों का अपडेट सीधा अपने फोन पर पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।






