दीपावली के लिए नीमच में तीन दिन का ट्रैफिक प्लान लागू: मुख्य बाजारों में 4-व्हीलर की ‘नो एंट्री’, यहां होगी पार्किंग

नीमच। दीपावली महापर्व को देखते हुए शहर के मुख्य बाजारों में बढ़ रही भीड़ और यातायात के अत्यधिक दबाव को सुव्यवस्थित करने के लिए नीमच यातायात पुलिस ने व्यापक ट्रैफिक प्लान लागू किया है। यह प्लान धनतेरस से लेकर दीपावली तक यानी 18 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक प्रभावी रहेगा।
एसपी अंकित जायसवाल और एएसपी नवलसिंह सिसोदिया के निर्देशन में यातायात थाना प्रभारी (निरी.) अमित सारस्वत और उनकी टीम ने यह व्यवस्था बनाई है। यह परिवर्तन प्रतिदिन सुबह 8 बजे से रात्रि 10 बजे तक लागू रहेगा।
टाइम्स ऑफ एमपी को जानकारी देते हुए बताया कि शहर के मुख्य खरीददारी क्षेत्रों में चार पहिया वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा ताकि पैदल चलने वाले और दो पहिया वाहन चालकों को असुविधा न हो।
ये मार्ग रहेंगे ‘प्रतिबंधित’ (चार पहिया वाहन):
दीपावली पर्व की भीड़ को देखते हुए, इन मुख्य मार्गों पर चार पहिया वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित की गई है:
- फव्वारा चौक से विजय टाकीज चौराहा तक।
- पुस्तक बाजार से जाजु बिल्डिंग, घण्टाघर।
- नया बाजार से बारादरी चौराहा तक।
विशेष नोट: यातायात पुलिस ने चेतावनी दी है कि यदि इन प्रतिबंधित मार्गों पर दो पहिया वाहनों का भी अत्यधिक दबाव बढ़ा, तो उन्हें भी प्रतिबंधित किया जा सकता है।
परिवर्तित मार्ग (डायवर्जन रूट):
मुख्य बाजारों से बचने के लिए यातायात पुलिस ने वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की है:
- पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने से वाहन हाट मैदान, वीरपार्क रोड़ होते हुए चौपड़ा चौराहा तक आ-जा सकेंगे।
- बस स्टैंड से बारादरी, फव्वारा चौक, शोरूम चौराहा होते हुए वाहन आवागमन कर सकेंगे।
- बस स्टैंड से मूलचंद मार्ग, मसीह चर्च होते हुए चोकन्ना बालाजी तक आ-जा सकेंगे।
- मैसी शोरूम चौराहा से टीवीएस शोरूम, बंसल चौराहा होते हुए गोमाबाई रोड़ तक आ-जा सकेंगे।
भारी वाहनों के लिए ‘नो एंट्री’ और वैकल्पिक रूट:
भारी मालवाहक वाहनों के लिए रात्रि 11 बजे से लेकर सुबह 8 बजे तक मुख्य शहर में नो-एंट्री लागू रहेगी। इस दौरान ये वाहन फव्वारा चौक, सीआरपीएफ चौराहा, चोपड़ा चौराहा, किलेश्वर मंदिर होते हुए बघाना की तरफ जा सकेंगे।
टाइम्स ऑफ एमपी को जानकारी देते हुए बताया कि खरीदारी करने आने वाले नागरिकों के लिए पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था की गई है, ताकि मुख्य मार्ग पर जाम न लगे।
पार्किंग व्यवस्था (दो पहिया एवं चार पहिया वाहन):
यात्रियों की सुविधा के लिए निम्नलिखित स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है:
- दशहरा मैदान
- टाउन हॉल
- ज्ञान मंदिर के पास
- पुरानी नगर पालिका
- हेमु कॉलोनी चौराहा से बर्फ फैक्ट्री के सामने
- मिडिल स्कूल ग्राउंड जैन भवन के पास
- राठौर परिसर के सामने
यातायात थाना प्रभारी अमित सारस्वत ने आमजन से नियमों का पालन करने की अपील की है। साथ ही, व्यापारी बंधुओं से अनुरोध किया है कि वे अपनी दुकान के बाहर पार्किंग एरिया में अतिक्रमण न करें और ग्राहकों के वाहनों को व्यवस्थित रूप से पार्क करवाएं, जिससे बाजार में यातायात की अव्यवस्था न हो।

