नीमच में जिला अस्पताल का कर्मचारी बिजली चोरी करते पकड़ा गया

नीरज गोस्वामी

नीमच। जिला अस्पताल में कार्यरत कर्मचारी नीरज गोस्वामी पर बिजली चोरी का आरोप साबित होने के बाद मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने कार्रवाई की है।

Shubham Solar Solution

जानकारी के अनुसार, नीरज गोस्वामी, जो स्कीम क्रमांक 36-ए, मकान नंबर 544 में रहते हैं, लंबे समय से मीटर से पहले बाईपास लगाकर अवैध रूप से बिजली का उपयोग कर रहे थे। शुक्रवार को सहायक अभियंता महेश ठाकुर ने टीम के साथ औचक निरीक्षण किया, जिसमें मीटर की सर्विस लाइन में कट लगाकर बिजली चोरी करते हुए आरोपी पकड़ा गया।

विभागीय टीम ने मौके पर ही विद्युत अधिनियम की धारा 135 के तहत पंचनामा तैयार किया और कार्रवाई शुरू की। जांच में यह भी सामने आया कि मीटर मृतक कृष्ण गोस्वामी के नाम पर था, जबकि बिजली का उपयोग नीरज गोस्वामी कर रहे थे।

कंपनी ने आरोपी को प्रोविजनल बिल जारी किया है। यदि निर्धारित समय में राशि जमा नहीं की गई तो मामला विशेष न्यायालय में भेजा जाएगा।
विभाग ने पूरे प्रकरण की वीडियो रिकॉर्डिंग और फोटोग्राफ भी सुरक्षित किए हैं।

कंपनी अधिकारियों जे. पी. ठाकुर, ओ. पी. सेन और महेश ठाकुर ने नागरिकों से अपील की है कि कोई भी व्यक्ति अनधिकृत रूप से बिजली का उपयोग न करे। बिजली चोरी दंडनीय अपराध है और इसमें जुर्माने के साथ जेल का प्रावधान भी है।
बिजली चोरी रोकने के लिए कंपनी ने ‘इनाम योजना’ भी लागू की है, जिसके तहत चोरी की जानकारी देने वालों को प्रोत्साहन राशि दी जाती है।