नीमच: ग्वालटोली उपद्रव पर भड़का यादव समाज, SP को सौंपा ज्ञापन; आरोपियों की गिरफ्तारी और मुआवज़े की मांग

iiii

नीमच: ग्वालटोली क्षेत्र में शुक्रवार रात और शनिवार दोपहर को हुए गंभीर विवाद, मारपीट और तोड़फोड़ की घटनाओं को लेकर यादव समाज में भारी आक्रोश है। शनिवार को बड़ी संख्या में समाजजनों ने जिला पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय पहुंचकर सीएसपी को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें उपद्रव करने वाले आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और पीड़ित परिवारों के लिए आर्थिक मुआवज़े की मांग की गई है।

Shubham Solar Solution

दो दिनों तक चला उपद्रव

ज्ञापन के अनुसार, उपद्रव की शुरुआत 13 नवंबर की रात हुई, जब ग्वालटोली निवासी हिम्मतसिंह (मोंटू) यादव पर बुन्दा, कौशल और उनके साथियों ने हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।

इसके अगले दिन, 14 नवंबर को दोपहर करीब 3 बजे, किशोर खलीफा के नेतृत्व में 20 से अधिक लोग यादव समाज के रिहायशी इलाके में घुस आए। समाज ने आरोप लगाया कि उपद्रवियों ने घरों के दरवाजे, खिड़कियों के कांच, और दोपहिया वाहनों में जमकर तोड़फोड़ की। इस दौरान महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को भी निशाना बनाया गया। उपद्रवियों पर जातिगत अपशब्दों का प्रयोग करने और हथियार लहराने से क्षेत्र में भारी दहशत फैलने का आरोप है।

पुलिस कार्रवाई और समाज की मांगें

इस पूरे प्रकरण को कैंट थाने में अपराध क्रमांक 0543/2025 के तहत दर्ज किया गया है, जिसमें 8 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है।

यादव समाज ने ज्ञापन में मुख्य रूप से निम्नलिखित मांगें रखी हैं:

  • सभी नामजद आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी हो।

  • उपद्रवियों द्वारा किए गए अवैध कब्ज़े व निर्माण को हटाया जाए।

  • पुलिस न्यायालय में आरोपियों की जमानत का कड़ा विरोध करे।

  • पीड़ित परिवारों को सरकार से आर्थिक मुआवज़ा दिलाया जाए।

  • वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाए।

समाज ने यह भी आरोप लगाया कि वर्षों से शांत माहौल में रह रहे दो समाजों के बीच जानबूझकर मतभेद फैलाने की कोशिशें हो रही हैं और यह उपद्रव एक षड्यंत्र का हिस्सा है। समाज ने स्पष्ट किया है कि जब तक पीड़ितों को न्याय नहीं मिलता, विरोध जारी रहेगा।

 

 

हो सकता है आप चूक गए हों