काली रात में दिल दहला देने वाली वारदात: कमरे में सोती महिला की धारदार हथियार से हत्या, सुबह बेटे ने देखा खून से लथपथ शव

शहडोल। सीधी थाना क्षेत्र के सिंचौरा गांव में बीती रात एक अधेड़ महिला की हत्या ने पूरे इलाके को दहला दिया। घर के भीतर सोते समय किसी अज्ञात व्यक्ति ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। सुबह जब महिला का बेटा कमरे में पहुँचा तो मां को खून से लथपथ अवस्था में देखकर उसके होश उड़ गए। घटना ने गांव में दहशत और शोक का माहौल पैदा कर दिया है।
मिल रही जानकारी के अनुसार, मृतका के पति का कुछ वर्ष पहले निधन हो चुका था और वह अपने बेटे के साथ ही रहती थी। घटना वाली रात बेटा खेत में धान कटाई और मिंजाई का काम करने गया हुआ था। देर रात घर आने के बाद वह सो गया। सुबह जब वह अपनी मां के कमरे में गया तो मां को बिस्तर पर मृत पड़ा देखा। महिला की गर्दन पर गहरे घाव मिले, जो इस बात की पुष्टि करते हैं कि उसकी निर्ममता से हत्या की गई है।
सूचना पर सीधी थाना पुलिस मौके पर पहुँची, पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला ब्लाइंड मर्डर होने के कारण पुलिस कई एंगल से जांच में जुटी है।
घर में मां-बेटे के अलावा कोई और मौजूद न होने और रात में बाहरी व्यक्ति के प्रवेश की कम संभावना को देखते हुए पुलिस बेटे से भी विस्तृत पूछताछ कर रही है। गांव में यह चर्चा भी जोर पकड़ रही है कि हत्या के पीछे किसी व्यक्तिगत विवाद या अवैध संबंध की आशंका हो सकती है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। इस निर्मम वारदात से गांव में भय का माहौल गहरा गया है, और ग्रामीण आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

