नीमच में रफ्तार का कहर: हर्कियाखाल डैम के पास दो कारों में भीषण भिड़ंत

कुलदेवी के दर्शन और शादी से लौट रहे 14 लोग घायल
नीमच | रविवार की रात नीमच जिले के जीरन थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। हर्कियाखाल डैम की पुलिया के समीप एक टवेरा और टाटा पंच कार के बीच हुई आमने-सामने की जोरदार टक्कर में 14 लोग घायल हो गए हैं। घायलों में बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
कैसे हुआ हादसा? प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। टवेरा कार (RJ 09 UA 3422) में सवार 11 लोग राजस्थान के प्रतापगढ़ (मानपुरा गांव) के निवासी हैं। ये सभी जावद के पास कुलदेवी और माँ भादवा माता के दर्शन कर वापस लौट रहे थे। वहीं, सामने से आ रही नई टाटा पंच कार (बिना नंबर) में राजस्थान के ही अरनोदा गांव (अरनोद पंचायत) के 4 लोग सवार थे, जो जीरन क्षेत्र से एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। हर्कियाखाल डैम के पास टर्न (मोड़) पर दोनों तेज रफ्तार कारें अनियंत्रित होकर आपस में भिड़ गईं।

रेस्क्यू और घायलों की स्थिति हादसे के बाद मची चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़े और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया। प्राथमिक उपचार जीरन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया गया। डॉक्टरों ने बताया कि 12 वर्षीय बालक कुशल, एक महिला और टाटा पंच के चालक की हालत गंभीर होने के चलते उन्हें नीमच जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया है। फ़िलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है।

