जावद। नीमच जिले के जावद थाना क्षेत्र में शादी के नाम पर ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक से शादी कराने के बदले लाखों रुपए लेने के बाद दुल्हन के अचानक फरार होने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित ने महिला समेत पांच लोगों के खिलाफ पुलिस को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
युवती का नाम और पहचान पर उठे सवाल
तारापुर निवासी ओंकारलाल माली ने पुलिस को बताया कि 15 मई को कुछ लोग उसके पास शादी का रिश्ता लेकर पहुंचे थे। उन्होंने एक युवती का परिचय चंपा नाम से कराया, जबकि आधार कार्ड में उसका नाम सरिता दर्ज था। आरोपियों ने युवती को राजस्थान के भूरा गांव की निवासी बताते हुए शादी के लिए 3 लाख रुपए की मांग रखी।
परिवार की सहमति के बाद कथित तौर पर रकम दे दी गई और 18 मई की रात राजस्थान में दोनों का विवाह करा दिया गया। शादी के बाद युवती ओंकारलाल के साथ रहने लगी।
कई बार मायके गई, फिर अचानक हुई गायब
पीड़ित के अनुसार विवाह के बाद युवती के परिजन कई बार उसे अपने साथ ले गए और फिर वापस छोड़ते रहे। इसी बीच 4 जून की रात करीब 8 बजे युवती के कथित भाई का फोन आया। उसने बहन से बात कराने की बात कही। कुछ देर बाद युवती घर से बाहर निकली और एक वाहन में बैठकर चली गई। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी।
ओंकारलाल का आरोप है कि महिला घर से करीब 5 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर और 37 हजार रुपए नकद लेकर फरार हुई है। उसने बताया कि कुछ जेवर उसकी दिवंगत मां के थे। पीड़ित ने आरोप लगाया कि शादी तय कराने वाले चार लोगों और महिला ने मिलकर पूरी साजिश रची। उसके मुताबिक यह सुनियोजित शादी के नाम पर ठगी का मामला है।
जावद पुलिस ने आवेदन मिलने की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ताज़ा ख़बरों का अपडेट सीधा अपने फोन पर पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।






