नीमच/जीरन। ग्राम जीरन के गांधीनगर स्थित दाऊदी बोहरा समाज के कब्रिस्तान में चोरी की लगातार दूसरी घटना सामने आने के बाद समाजजनों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। देर रात अज्ञात बदमाशों ने कब्रिस्तान परिसर में रखी तिजोरी तोड़कर उसमें रखी नकदी चोरी कर ली और मौके से फरार हो गए। सुबह घटना का पता चलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, कब्रिस्तान परिसर में समाजजनों द्वारा दान और चढ़ावे की राशि सुरक्षित रखने के लिए तिजोरी रखी गई थी। 16-17 मई की रात अज्ञात चोर परिसर में घुसे और तिजोरी का लॉक तोड़कर उसमें रखे करीब 5 से 7 हजार रुपये निकाल ले गए।
सुबह जब समाज के लोग कब्रिस्तान पहुंचे तो तिजोरी टूटी हुई मिली। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में समाजजन मौके पर पहुंच गए। लगातार दूसरी बार कब्रिस्तान में चोरी की घटना होने से लोगों में डर और नाराजगी दोनों देखने को मिल रहे हैं।
पहले भी हो चुकी है कब्रिस्तान में चोरी
समाजजनों ने बताया कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले 10 मार्च 2026 की रात भी इसी कब्रिस्तान में चोरी हुई थी। उस दौरान गल्ले से करीब 35 से 40 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली गई थी।
समाज के लोगों का आरोप है कि पहली घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई थी, लेकिन मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का कहना है कि अगर पहली चोरी के बाद सख्ती दिखाई जाती तो दोबारा ऐसी वारदात नहीं होती। लगातार दूसरी बार कब्रिस्तान में चोरी होने से समाज में पुलिस व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि चोरों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं।
समाजजनों ने पुलिस पर जताया असंतोष
दाऊदी बोहरा सोसायटी के मुस्तान अली बोहरा सहित कई लोगों ने पुलिस प्रशासन के प्रति नाराजगी जाहिर की। मुस्तान अली बोहरा ने कहा कि कब्रिस्तान को निशाना बनाना समाज की भावनाओं को आहत करने वाला है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहली घटना के बाद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण बदमाशों के हौसले बढ़े और फिर से कब्रिस्तान में चोरी की वारदात हो गई।
समाजजनों ने पुलिस से मांग की है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए।
CCTV फुटेज और संदिग्धों की जांच में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
ताज़ा ख़बरों का अपडेट सीधा अपने फोन पर पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।






