नीमच । नीमच शहर के सबसे व्यस्त इलाके चोपड़ा चौराहा पर गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब प्रशासन की संयुक्त टीम ने चर्चित रतन स्वीट्स एंड बेकरी पर अचानक दबिश दी। कार्रवाई के दौरान जो तस्वीर सामने आई, उसने लोगों को चौंका दिया। दुकान के अंदर बड़ी मात्रा में एक्सपायरी खाद्य सामग्री, गंदगी और गंभीर अनियमितताएं मिलने के बाद प्रशासन ने तत्काल दुकान को सील कर दिया।
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देश पर खाद्य विभाग, नगरपालिका और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की। शहरभर में दिनभर इसी कार्रवाई की चर्चा होती रही।
एक्सपायरी मावा, मिठाइयां और ब्रेड मिली
जांच के दौरान टीम को रतन स्वीट्स में बड़ी मात्रा में एक्सपायरी और अमानक खाद्य सामग्री मिली। अधिकारियों के अनुसार मावा, मिठाइयां, ब्रेड, आइसक्रीम और आचार जैसी चीजें खराब हालत में रखी हुई थीं। कुछ खाद्य सामग्री की एक्सपायरी डेट निकल चुकी थी, इसके बावजूद उन्हें ग्राहकों को बेचने की तैयारी चल रही थी।
खाद्य विभाग की टीम ने मौके से कई खाद्य पदार्थों के सैंपल भी लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है।
गंदगी देखकर अधिकारी भी रह गए हैरान
कार्रवाई के दौरान दुकान के अंदर साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब पाई गई। कई जगह खाद्य सामग्री खुले में रखी हुई थी। स्टोर रूम और किचन एरिया में गंदगी का अंबार नजर आया।
निरीक्षण टीम ने माना कि जिस माहौल में खाद्य सामग्री रखी गई थी, वह सीधे तौर पर लोगों के स्वास्थ्य के लिए खतरा बन सकता था। यही कारण रहा कि प्रशासन ने बिना देरी किए रतन स्वीट्स को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।
चोपड़ा चौराहा पर जुटी भारी भीड़
जैसे ही शहर में कार्रवाई की खबर फैली, चोपड़ा चौराहा पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। राहगीर रुक-रुक कर पूरी कार्रवाई देखने लगे। कुछ समय के लिए इलाके में यातायात भी प्रभावित हुआ। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा कि शहर के अन्य बड़े प्रतिष्ठानों की भी इसी तरह जांच होनी चाहिए, ताकि लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री मिल सके।
दुकान संचालक और अधिकारियों में हुई बहस
कार्रवाई के दौरान दुकान संचालक लगातार अधिकारियों को सफाई देता रहा। मौके पर कई बार बहस की स्थिति भी बनी। हालांकि प्रशासनिक अधिकारियों ने नियमों के अनुसार पूरी कार्रवाई जारी रखी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा।
SDM संजीव साहू ने कही बड़ी बात
एसडीएम संजीव साहू ने बताया कि कलेक्टर के निर्देश पर संयुक्त टीम द्वारा कार्रवाई की गई। जांच में बड़ी मात्रा में एक्सपायरी और अमानक खाद्य सामग्री मिली है, जो लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा थी। उन्होंने कहा कि शहर में अब लगातार औचक निरीक्षण किए जाएंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
CMO दुर्गा बामनिया ने दी चेतावनी
सीएमओ दुर्गा बामनिया ने कहा कि निरीक्षण के दौरान स्वच्छता व्यवस्था बेहद खराब पाई गई। खाद्य सामग्री अस्वच्छ वातावरण में रखी गई थी, जो नियमों का खुला उल्लंघन है।उन्होंने कहा कि नगरपालिका और स्वास्थ्य विभाग आगे भी शहर में सख्ती से निगरानी करेगा और ऐसे प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई जारी रहेगी।
ताज़ा ख़बरों का अपडेट सीधा अपने फोन पर पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।






