आलोट । रतलाम जिले के चर्चित आलोट मेले में हुआ एक मामूली विवाद युवक की मौत का कारण बन गया। नाव झूले में थूकने की बात को लेकर शुरू हुआ झगड़ा बाद में खूनी रंजिश में बदल गया। पुलिस जांच में सामने आया कि पांच युवकों ने मिलकर 21 वर्षीय कृष्णपाल सिंह को जहरीला पदार्थ पिला दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने घटना के 36 घंटे के भीतर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें दो आरोपी नाबालिग बताए जा रहे हैं।
मेले से लौटते समय बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार खामरिया निवासी कृष्णपाल सिंह 19 मई को दोस्तों के साथ आलोट मेले में घूमने गया था। मेले में नाव झूले के दौरान कुछ युवकों से उसकी कहासुनी हो गई थी। विवाद के बाद वह गांव लौट रहा था, तभी रास्ते में उसकी हालत बिगड़ने लगी। ग्रामीण उसे तुरंत संजीवनी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही गांव में आक्रोश फैल गया। परिजन शव लेकर आलोट थाने पहुंचे और चक्काजाम कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि मेले में विवाद के बाद युवक को जबरन जहरीला पदार्थ पिलाया गया था।
अंकल की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला
मृतक के अंकल श्याम सिंह सोंधिया ने आलोट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि आलोट मेले में नाव झूले के अंदर थूकने की बात पर कृष्णपाल सिंह और कुछ युवकों के बीच विवाद हुआ था। इसी रंजिश में आरोपी कुलदीप सिंह, युवराज सिंह, गोविंद सिंह और उनके दो नाबालिग साथियों ने युवक को जहरीला पदार्थ पिला दिया।
पुलिस ने 36 घंटे में किया खुलासा

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। मेले में मौजूद लोगों से पूछताछ और सबूत जुटाने के बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंची। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। फिलहाल सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है।
गांव में पसरा मातम
इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और गुस्से का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं आलोट मेले की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।
ताज़ा ख़बरों का अपडेट सीधा अपने फोन पर पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।






