नीमच। नीमच के ज्ञान मंदिर लॉ कॉलेज में छात्र राजनीति को लेकर मंगलवार को अचानक विवाद की स्थिति बन गई। जानकारी के अनुसार कॉलेज में नियमित कक्षाएं चल रही थीं, तभी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से जुड़े कुछ छात्र कार्यकर्ता क्लासरूम में पहुंचे और विद्यार्थियों को संबोधित करने लगे। इस दौरान एनएसयूआई से जुड़े छात्रों ने इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। कुछ समय के लिए कॉलेज परिसर का माहौल तनावपूर्ण बना रहा।
कॉलेज प्रशासन ने दोनों पक्षों को बुलाकर कराई चर्चा
विवाद बढ़ने की सूचना मिलने पर मामला कॉलेज प्राचार्य तक पहुंचा। इसके बाद ज्ञान मंदिर लॉ कॉलेज प्रशासन ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए दोनों छात्र संगठनों के प्रतिनिधियों को चर्चा के लिए बुलाया। कॉलेज ट्रस्टी और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में हुई बैठक में शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि भविष्य में ऐसी गतिविधियां नहीं होने दी जाएंगी, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो।
कैंपस में नहीं चलेगी राजनीतिक दबाव की राजनीति
एनएसयूआई छात्र नेता यश लोहार ने आरोप लगाया कि चलती क्लास में पहुंचकर छात्रों को संबोधित करना शिक्षा व्यवस्था में हस्तक्षेप है। उन्होंने कहा कि ज्ञान मंदिर लॉ कॉलेज प्रबंधन ने आश्वासन दिया है कि किसी भी छात्र को उसकी विचारधारा या व्यक्तिगत आधार पर टारगेट नहीं किया जाएगा। साथ ही कॉलेज परिसर में किसी प्रकार की राजनीतिक गतिविधियों को सीमित रखने पर भी सहमति बनी है।
कॉलेज प्रशासन ने सौहार्द बनाए रखने की अपील की
कॉलेज प्रशासन ने पूरे मामले में छात्रों से संयम बनाए रखने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि ज्ञान मंदिर लॉ कॉलेज का उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। किसी भी संगठन को ऐसा माहौल बनाने की अनुमति नहीं दी जाएगी, जिससे कॉलेज का शैक्षणिक वातावरण प्रभावित हो। फिलहाल दोनों पक्षों के बीच मामला शांत बताया जा रहा है।
ताज़ा ख़बरों का अपडेट सीधा अपने फोन पर पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।






