रामपुरा (Rampura News)। नीमच जिले की रामपुरा तहसील के सोनड़ी गांव में दो पक्षों के विवाद के बाद हमला और लूट का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि जब पूरा परिवार रिपोर्ट दर्ज कराने रामपुरा थाने गया हुआ था, उसी दौरान 30 से 40 लोग उनके सूने घर में घुस गए और जमकर तोड़फोड़ की।


पीड़ित आनंद पिता वकील चावड़ा ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बताया कि गांव में ‘रोड़ी’ यानी कचरा डालने की जगह को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद उनके परिवार पर पथराव और मारपीट की गई, जिसमें चार लोग घायल हुए।परिवार के अनुसार घटना के बाद वे रिपोर्ट दर्ज कराने रामपुरा थाने पहुंचे थे। इसी दौरान आरोपी पक्ष कथित तौर पर स्कॉर्पियो और बोलेरो वाहनों में सवार होकर उनके घर पहुंचा।
पीड़ितों ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने घर में रखे कूलर, फ्रिज, दरवाजे, खिड़कियां, मोटरसाइकिल, ट्रैक्टर और आटा चक्की में तोड़फोड़ की। परिवार का दावा है कि घर की तिजोरी तोड़कर करीब 5 तोला सोना, 3 किलो चांदी और लगभग 2 लाख रुपए नकद भी ले जाए गए।
इसके साथ ही आंगन में बंधी गाय और बकरियों को पीटकर भगाने के आरोप भी लगाए गए हैं। हालांकि, लूट और नुकसान की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पीड़ित परिवार ने पुलिस पर कार्रवाई में देरी के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और परिवार को जिंदा जलाने तक की धमकियां दे रहे हैं। डरे हुए परिवार ने एसपी से सुरक्षा और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। दोनों पक्षों की शिकायतों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।
ताज़ा ख़बरों का अपडेट सीधा अपने फोन पर पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।






