मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में सामने आए स्कूल किडनैप केस ने स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। चार वर्षीय मासूम कार्तिकेय को रेनबो पब्लिक स्कूल से छुट्टी के समय एक व्यक्ति अपने साथ ले गया और स्कूल प्रबंधन को इसकी भनक तक नहीं लगी। बाद में सामने आए सीसीटीवी फुटेज और पुलिस जांच ने ऐसी साजिश का खुलासा किया, जिसकी परतें एक-एक कर खुलती चली गईं। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी बच्चे के पिता नीरज उर्फ नीलेश राजपूत को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके अन्य साथी अभी फरार हैं।
पुलिस के अनुसार, बच्चा सुरक्षित बरामद कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें कार्रवाई कर रही हैं।
12 दिन तक बनाई गई थी पूरी योजना

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पिता ने घटना को अंजाम देने से पहले कई दिनों तक मुरैना में डेरा डाला था। जांच के अनुसार वह पहले 26 जून को शहर पहुंचा और बाद में 28 जून से 14 जुलाई तक अपने साथियों के साथ साईं पैलेस लॉज में ठहरा रहा। इसी दौरान उसने बच्चे की स्कूल आने-जाने की दिनचर्या, छुट्टी का समय, स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था और आसपास के रास्तों की लगातार रेकी की। पुलिस का मानना है कि पूरी वारदात पहले से बनाई गई सुनियोजित योजना का हिस्सा थी।
स्कूल की एक बड़ी चूक बनी घटना की वजह


पुलिस के मुताबिक 14 जुलाई को स्कूल की छुट्टी के बाद एक आरोपी स्कूल परिसर में पहुंचा और बच्चे का नाम लेकर उसे अपने साथ ले जाने की बात कही। आरोप है कि स्कूल में मौजूद शिक्षक ने बिना किसी पहचान पत्र की जांच किए और बिना अभिभावक की पुष्टि किए बच्चे को उसके साथ भेज दिया।
आरोपी बच्चे को गोद में उठाकर स्कूल से बाहर निकला, जहां पहले से एक अन्य आरोपी स्कूटी लेकर इंतजार कर रहा था। दोनों वहां से फरार हो गए। कुछ देर बाद जब बच्चे की नानी स्कूल पहुंचीं तो बच्चे के गायब होने का पता चला और पुलिस को सूचना दी गई।
CCTV फुटेज ने खोल दिया पूरा राज

घटना के बाद पुलिस ने स्कूल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में साफ दिखाई दिया कि एक व्यक्ति बच्चे को कंधे पर उठाकर स्कूल से बाहर ले जा रहा है, जबकि दूसरा आरोपी स्कूटी के साथ खड़ा है। पुलिस के अनुसार, शुरुआत में परिवार आरोपी की पहचान नहीं कर पाया। बाद में फुटेज दिखाने पर बच्चे की मां ने उसे अपने पति के ड्राइवर के रूप में पहचाना। इसके बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया और पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जुड़ती चली गईं।
लॉज संचालक ने बताए चौंकाने वाले तथ्य
साईं पैलेस लॉज के संचालक ने पुलिस को बताया कि आरोपी कई दिनों तक उनके यहां रुके थे। शुरुआत में उन्होंने एक कमरा लिया, बाद में साथियों की संख्या बढ़ने पर बड़ा कमरा ले लिया। किराए को लेकर मोलभाव भी किया गया था। संचालक के मुताबिक आरोपी कई बार खाना खाने का बहाना बनाकर उनकी स्कूटी लेकर जाते थे और कुछ देर बाद वापस लौटा देते थे। इससे किसी को उन पर संदेह नहीं हुआ। घटना वाले दिन भी उन्होंने वही स्कूटी ली थी, जिससे स्कूल तक पहुंचे।
वारदात के बाद आरोपियों ने स्कूटी चंबल नदी के पास छोड़ दी और फोन कर संचालक को उसकी जानकारी दी। बाद में उनका मोबाइल बंद हो गया।
पति-पत्नी के विवाद से जुड़ा मामला
पुलिस जांच के अनुसार आरोपी नीरज उर्फ नीलेश राजपूत मूल रूप से राजस्थान के पाली का निवासी है और मुंबई में गुटखा कारोबार से जुड़ा रहा है। उसकी पहचान वर्ष 2018 में फेसबुक के माध्यम से इशू यादव से हुई थी। दोनों ने 2019 में विवाह किया और बाद में बेटे कार्तिकेय का जन्म हुआ।
जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और दोनों अलग-अलग रह रहे थे। जनवरी 2026 में महिला अपने बेटे के साथ मुरैना आ गई थी। करीब दो महीने पहले बच्चे का रेनबो पब्लिक स्कूल में दाखिला कराया गया था। पुलिस का मानना है कि स्कूल में दाखिले की जानकारी मिलने के बाद आरोपी पिता ने बच्चे को अपने साथ ले जाने की योजना बनाई।
राजस्थान तक पहुंची पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच शुरू की। लोकेशन धौलपुर होते हुए राजस्थान के पाली क्षेत्र में मिली। इसके बाद पुलिस की टीमें राजस्थान पहुंचीं और मुख्य आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार बच्चा उसके साथ सुरक्षित मिला है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
स्कूल सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल
इस घटना ने स्कूलों में बच्चों को अभिभावकों के सुपुर्द करने की प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रारंभिक जांच के अनुसार बिना पहचान सत्यापन के बच्चे को स्कूल से भेज दिया गया, जो सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक मानी जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा उनकी क्या भूमिका रही।
ताज़ा ख़बरों का अपडेट सीधा अपने फोन पर पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।






