रतलाम। सरवन थाना क्षेत्र के ग्राम बोरदा में 2 सितंबर को नाले में मिले 32 वर्षीय युवक के शव के मामले में पुलिस ने हत्या का खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, मृतक भीमा पिता मनोहर चरपोटा की हत्या उसकी पत्नी ललिता ने अपने प्रेमी राकेश के साथ मिलकर की थी। मामले में पुलिस ने पत्नी, उसके प्रेमी और प्रेमी के दोस्त को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, रतलाम में पति की हत्या के इस मामले की जांच के दौरान सामने आया कि मृतक की पत्नी के राकेश के साथ प्रेम संबंध थे। करीब एक महीने पहले पति भीमा को इसकी जानकारी हो गई थी। इसके बाद दोनों ने हत्या की साजिश रची।
पहले जंगल में हत्या की योजना, फिर बदला प्लान
पुलिस जांच के अनुसार, ललिता और राकेश ने राखी से पहले ही भीमा की हत्या की योजना बनाई थी, लेकिन उस समय उन्हें मौका नहीं मिला। इसके बाद 1 सितंबर को भीमा को जंगल ले जाकर हत्या करने की योजना बनाई गई। हालांकि जंगल में भी योजना सफल नहीं हुई। इसके बाद घर में सो रहे भीमा की हत्या करने की साजिश को अंजाम दिया गया। पुलिस के अनुसार, घर में सोते समय ललिता ने भीमा पर कुल्हाड़ी से वार किया। इसी दौरान राकेश ने उसके पैर पकड़ लिए। राकेश का दोस्त भूरा घर के बाहर निगरानी कर रहा था।
हत्या के बाद घर में छिपाया शव

पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद भीमा के शव को घर में बकरी बांधने वाले स्थान पर रख दिया गया। वहां खून के निशान को गोबर से लीपकर मिटाने की कोशिश की गई। इसके बाद रात करीब 11 बजे राकेश और भूरा दोबारा भीमा के घर पहुंचे। दोनों शव को घर से करीब 50 मीटर दूर स्थित नाले तक ले गए और वहां फेंक दिया।
अगले दिन नाले में शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में भीमा के सिर पर कुल्हाड़ी से वार किए जाने की आशंका सामने आई थी।
पत्नी के गायब होने से पुलिस को हुआ शक
शव मिलने के दौरान मृतक की पत्नी ललिता के गायब होने की बात सामने आई। इसी आधार पर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। पुलिस ने ललिता को तलाश कर गिरफ्तार किया और कोर्ट से रिमांड लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान हत्या से जुड़ी जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने राकेश और उसके दोस्त भूरा को भी गिरफ्तार किया।
इस तरह रतलाम में पति की हत्या का मामला नाले में शव मिलने से शुरू होकर पुलिस जांच के जरिए पत्नी, उसके प्रेमी और उसके दोस्त तक पहुंचा।
करीब 2 लाख रुपए की मश्रुका जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मृतक के हाथ में पहना चांदी का कड़ा, सोने की बाली, चांदी की पैर की कड़ियां और सिम बरामद की है। इसके अलावा घटना के समय आरोपियों द्वारा पहने गए कपड़े और दोनों के मोबाइल भी पुलिस ने जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार, जब्त की गई मश्रुका की कुल कीमत करीब 2 लाख रुपए है।
पत्नी, प्रेमी और दोस्त गिरफ्तार

एएसपी राकेश पंद्रों के अनुसार, मामले में मृतक की पत्नी ललिता, उसके प्रेमी राकेश पिता जीवणा माईड़ा निवासी रामपुरिया और राकेश के दोस्त भूरा डिंडौर को गिरफ्तार किया गया है।पुलिस के अनुसार, तीनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
ताज़ा ख़बरों का अपडेट सीधा अपने फोन पर पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।


