दिल्ली में ‘ज़हर गैंग’ का खुलासा: वजीराबाद में नकली टूथपेस्ट और Eno की दो फैक्ट्रियां सील

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में आम जनता के स्वास्थ्य से हो रहे भयंकर खिलवाड़ का एक बड़ा मामला सामने आया है। दिल्ली के वजीराबाद इलाके में पुलिस ने छापेमारी कर दो ऐसी अवैध फैक्ट्रियों का भंडाफोड़ किया है, जहाँ लोकप्रिय ब्रांडों के नकली टूथपेस्ट और ईनो (ENO) जैसे रोजमर्रा के उपभोग की वस्तुएं बड़े पैमाने पर बनाई जा रही थीं। पुलिस ने भारी मात्रा में नकली माल बरामद कर दोनों फैक्ट्रियों को सील कर दिया है।
एक-दूसरे से कुछ दूरी पर चल रही थीं फैक्ट्रियां
वजीराबाद पुलिस के अनुसार, ये दोनों फैक्ट्रियां एक-दूसरे से बहुत कम दूरी पर संचालित हो रही थीं। एक फैक्ट्री में नकली टूथपेस्ट तैयार किया जा रहा था, जबकि दूसरी में नकली ईनो बनाया जा रहा था। इन नकली और खतरनाक उत्पादों को दिल्ली सहित देश के अन्य राज्यों के बाजारों में बड़ी आसानी से सप्लाई किया जा रहा था।
‘जहर’ समान थे नकली उत्पाद
पुलिस ने बताया कि छापेमारी के दौरान टूथपेस्ट और ईनो बनाने का भारी मात्रा में नकली सामान बरामद किया गया है। जगतपुर स्थित एक रिहायशी घर से भी भारी मात्रा में तैयार नकली माल जब्त किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, ये नकली उत्पाद इतने खतरनाक थे कि इन्हें ‘जहर’ से कम नहीं कहा जा सकता। यहाँ बन रहे नकली टूथपेस्ट का इस्तेमाल करने पर दाँत गल सकते थे, वहीं नकली ईनो ऐसा था कि पीने वाले के पेट में भयंकर जलन पैदा कर दे। यह खुलासा स्पष्ट करता है कि मुनाफाखोर किस हद तक जाकर लोगों के स्वास्थ्य को दांव पर लगा रहे थे।
फिलहाल, पुलिस ने दोनों ही अवैध फैक्ट्रियों को सील कर दिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस रैकेट के पीछे के सरगनाओं और पूरे सप्लाई चेन का पता लगाने के लिए पुलिस गहन जांच कर रही है। यह कार्रवाई उन गिरोहों के लिए एक बड़ी चेतावनी है जो आम उपभोग के सामानों में मिलावट कर जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ कर रहे हैं।

