आस्था का महासागर: सांवलिया सेठ के दरबार में धनवर्षा, तीन चरणों में निकला 28 करोड़ का चढ़ावा; टूट सकते हैं पुराने रिकॉर्ड

Screenshot 2025-11-25 084102

चित्तौड़गढ़ (ब्यूरो रिपोर्ट): मेवाड़ के सुप्रसिद्ध कृष्णधाम, श्री सांवलिया सेठ के दरबार में भक्तों की आस्था एक बार फिर धनवर्षा के रूप में बरसी है। मात्र दो महीनों के अंतराल के बाद खुले भंडार (दानपात्र) से अब तक करीब 28 करोड़ रुपए की राशि प्राप्त हो चुकी है। मंदिर मंडल द्वारा सत्संग भवन में कड़ी सुरक्षा के बीच नोटों की गिनती जारी है और अनुमान लगाया जा रहा है कि इस बार दान का नया कीर्तिमान स्थापित हो सकता है।

Shubham Solar Solution

तीन राउंड की गिनती पूरी, आंकड़ा 28 करोड़ के पार सोमवार को तीसरे दौर की गणना पूरी होने तक कुल 27 करोड़ 97 लाख 80 हजार रुपए की राशि प्राप्त हुई है। मंदिर प्रशासन के आंकड़ों के अनुसार:

  • पहला राउंड (19 नवंबर): 12 करोड़ 35 लाख रुपए।

  • दूसरा राउंड (21 नवंबर): 8 करोड़ 54 लाख रुपए।

  • तीसरा राउंड (सोमवार): 7 करोड़ 8 लाख 80 हजार रुपए।

गौरतलब है कि दिवाली 2024 के बाद खुले भंडार में 35 करोड़ का ऐतिहासिक दान मिला था, और मौजूदा रुझान को देखते हुए इस बार भी आंकड़ा इसी के आसपास रहने की उम्मीद है।

वीकेंड और अमावस्या पर थमी थी गिनती मंदिर मंडल के सदस्य पवन तिवारी ने जानकारी दी कि 20 नवंबर को अमावस्या और उसके बाद वीकेंड (शनिवार-रविवार) पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते गणना कार्य को रोका गया था, ताकि दर्शनार्थियों को असुविधा न हो। सोमवार सुबह राजभोग आरती के बाद अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी में पुनः गिनती शुरू की गई जो देर शाम तक चली।

सोना-चांदी का तौल अभी बाकी भक्तों द्वारा चढ़ाया गया नकद दान ही नहीं, बल्कि सोने-चांदी का भी अंबार लगा है। मंदिर प्रशासन के मुताबिक, नोटों की गिनती का चौथा राउंड मंगलवार को होगा। गिनती पूरी होने के बाद अंतिम चरण में सोने और चांदी के आभूषणों व वस्तुओं का तौल किया जाएगा, जिससे चढ़ावे का कुल आंकड़ा और बढ़ने की प्रबल संभावना है।