जीरन(Jiran News)। नीमच जिले के जीरन थाना क्षेत्र के ग्राम अमावली जागीर में घरेलू विवाद का मामला अब पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक पहुंच गया है। गांव की रहने वाली गीता बाई मीणा ने अपने जेठ और जेठानी पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। महिला ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर एसपी से न्याय और सुरक्षा की मांग की है।
शराब के नशे में विवाद शुरू होने का आरोप
पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में बताया कि 5 जून को उनके जेठ शोभाराम मीणा कथित रूप से शराब के नशे में घर पहुंचे और अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज करने लगे। महिला का कहना है कि उस समय परिवार ने मामला शांत कराने की कोशिश की, लेकिन विवाद बढ़ता चला गया।
महिला के अनुसार अगले दिन जब उन्होंने इस बात का विरोध किया तो घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि शोभाराम मीणा और उनकी पत्नी कंचन मीणा ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
पत्थर से सिर पर हमला करने का आरोप
आवेदन में महिला ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान उनके जेठ ने पत्थर से सिर पर हमला कर दिया। हमले में उन्हें गंभीर चोटें आईं। घायल हालत में परिजन उन्हें इलाज के लिए जीरन अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें जिला चिकित्सालय नीमच रेफर कर दिया। पीड़िता का कहना है कि मेडिकल परीक्षण भी कराया गया, लेकिन इसके बावजूद अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई नहीं हुई है।
परिवार को मिल रहीं धमकियां
महिला ने आवेदन में यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद आरोपी पक्ष लगातार उन्हें और उनके परिवार को धमका रहा है। पीड़िता के मुताबिक जान से मारने की धमकियों के कारण परिवार भय के माहौल में रह रहा है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपियों पर कानूनी कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
ताज़ा ख़बरों का अपडेट सीधा अपने फोन पर पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।






