नीमच । नीमच के कैंट थाना क्षेत्र के ग्राम सकराना स्थित निर्माणाधीन गोल्ड क्रश फैक्ट्री में एक मजदूर की मौत से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान झारखंड निवासी वंदना गोप के रूप में हुई है, जो पिछले कई महीनों से यहां मजदूरी कर रहा था।
बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह काम के दौरान अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई और उसे लगातार उल्टियां होने लगीं। साथी मजदूरों ने इसकी जानकारी फैक्ट्री प्रबंधन को दी।
इलाज में देरी पर उठे सवाल
मजदूरों का आरोप है कि हालत बिगड़ने के बाद भी वंदना गोप को तुरंत अस्पताल नहीं ले जाया गया। आरोप है कि फैक्ट्री में मौजूद लोगों ने डॉक्टर बुलाने या अस्पताल ले जाने के बजाय उसे ग्लूकोज पिलाकर आराम करने के लिए लिटा दिया।
कुछ घंटों बाद उसकी हालत और ज्यादा बिगड़ गई। दोपहर करीब 3 बजे उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस मजदूर की मौत के बाद फैक्ट्री प्रबंधन और ठेकेदारों की लापरवाही पर सवाल उठ रहे हैं।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने पर कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं, मृतक के परिवार को झारखंड में सूचना दे दी गई है। पुलिस अब इस पूरे मामले में जांच कर रही है कि बीमार मजदूर को समय पर इलाज क्यों नहीं मिला।
ताज़ा ख़बरों का अपडेट सीधा अपने फोन पर पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।






