मनासा। जिले में जनसुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन ने बुधवार को बड़ा निरीक्षण अभियान चलाया। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देश पर एसडीएम मनासा सुश्री किरण आंजना के नेतृत्व में निजी अस्पतालों, होटलों और शॉपिंग मार्ट की जांच की गई। जांच दल में तहसीलदार, सीएमओ, नगर परिषद, विद्युत सुरक्षा और पीडब्ल्यूडी के अधिकारी शामिल रहे।
गणपत होटल और बालू होटल पर एक्शन
मनासा कार्रवाई के दौरान गणपत होटल में भारी गंदगी और अस्वच्छता पाई गई। जांच टीम ने मावे का सैंपल लेकर होटल को तत्काल सील कर दिया। वहीं बालू होटल में बिना लाइसेंस मावा निर्माण होता मिला, जिस पर 5100 रुपये का स्पॉट फाइन लगाकर परिसर सील कर दिया गया।
अधिकारियों ने कहा कि खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वालों पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
लीलावती हॉस्पिटल का मेडिकल स्टोर बंद
निरीक्षण के दौरान लीलावती हॉस्पिटल का मेडिकल स्टोर बिना फार्मासिस्ट के संचालित पाया गया। इसे नियमों का गंभीर उल्लंघन मानते हुए प्रशासन ने मेडिकल स्टोर को बंद कर सील कर दिया।
इसके अलावा गांधी सुपर स्टोर मार्ट में एक्सपायरी फायर उपकरण मिले, जिन्हें बदलने के निर्देश दिए गए। तुलसी किरण मार्ट में एक्सपायरी खाद्य सामग्री जब्त कर नष्ट की गई।
अस्पतालों को दी चेतावनी
मनासा कार्रवाई के तहत चिरंजीवी हॉस्पिटल, नाकोड़ा लाइफलाइन, मनासा ग्लोबल हॉस्पिटल और अन्य निजी अस्पतालों की भी जांच की गई। प्रशासन ने सभी अस्पतालों को फायर सेफ्टी उपकरण दुरुस्त रखने और कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए।
एसडीएम सुश्री किरण आंजना ने स्पष्ट कहा कि जनसुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ताज़ा ख़बरों का अपडेट सीधा अपने फोन पर पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।






