नीमच: नीमच शहर के भारत माता चौराहा पर हुए कार हादसे का CCTV वीडियो सामने आने के बाद आरोपी चालक की गिरफ्तारी को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हादसे में स्कूटी सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं, लेकिन घटना का वीडियो सामने आने के बावजूद चालक अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर है। जानकारी के अनुसार महिला के पैर में चार फ्रैक्चर आए हैं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया, जबकि कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
दुकान के CCTV में रिकॉर्ड हुआ हादसा
View this post on Instagram
यह पूरी घटना आसपास की एक दुकान में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। रविवार को इसका वीडियो सामने आया, जिसमें तेज रफ्तार कार स्कूटी सवार महिला को टक्कर मारते दिखाई दे रही है। वीडियो सामने आने के बाद शहर में चर्चा शुरू हो गई है कि जब हादसे का स्पष्ट फुटेज उपलब्ध है, तब भी आरोपी चालक तक पुलिस अब तक क्यों नहीं पहुंच पाई।
मंदिर दर्शन के लिए जा रही थीं महिला

जानकारी के मुताबिक जैन कॉलोनी निवासी अनिता छाजेड़ (पत्नी विजय छाजेड़) शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे पुस्तक बाजार स्थित जैन मंदिर दर्शन के लिए स्कूटी से निकली थीं। भारत माता चौराहा के समीप पहुंचते ही सामने से आ रही तेज रफ्तार सेंट्रो कार ने उन्हें टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक लापरवाही और तेज गति से वाहन चला रहा था।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायल महिला की मदद की और उन्हें निजी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत और मल्टीपल फ्रैक्चर को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। प्रत्यक्षदर्शी सुरेश पोरवाल सहित आसपास मौजूद लोगों ने बताया कि हादसे के बाद कुछ देर तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
पुलिस जांच पर उठ रहे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे का वीडियो सामने आने के बाद आरोपी वाहन और चालक की पहचान जल्द होनी चाहिए थी। लोगों के मुताबिक, शहर में कई स्थानों पर निगरानी कैमरे लगे होने के बावजूद आरोपी चालक का अब तक फरार रहना सवाल खड़े करता है। हालांकि पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।
कैंट थाना पुलिस के अनुसार, आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और वाहन नंबर व चालक की पहचान करने का प्रयास जारी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक के खिलाफ जल्द वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
ट्रैफिक व्यवस्था पर फिर चर्चा
इस कार हादसे के बाद शहर में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने को लेकर एक बार फिर चर्चा शुरू हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक नियंत्रण और सख्ती बढ़ाने की जरूरत है, ताकि ऐसे हादसों पर रोक लगाई जा सके।
ताज़ा ख़बरों का अपडेट सीधा अपने फोन पर पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।






