नीमच: नीमच शहर के फोर जीरो चौराहा कार हादसे में सोमवार को बड़ा अपडेट सामने आया है। कैंट पुलिस ने तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हादसे में शामिल सेंट्रो कार को लावारिस हालत में बरामद कर जब्त कर लिया है। हालांकि, बुजुर्ग महिला को टक्कर मारने वाला चालक अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर है।
इस मामले में सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब जब्त की गई कार पर बड़े अक्षरों में “मध्य प्रदेश शासन” लिखा हुआ मिला। इसके बाद शहर में चर्चा तेज हो गई और प्रशासनिक हलकों में भी हलचल मच गई।
स्विमिंग पूल परिसर से बरामद हुई कार
कैंट थाना प्रभारी सौरभ शर्मा के अनुसार, शनिवार सुबह हुए हादसे के बाद पुलिस लगातार वाहन और चालक की तलाश में जुटी हुई थी। शहर के अलग-अलग स्थानों और मार्गों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस सेंट्रो कार तक पहुंची।
पुलिस ने सेंट्रो कार क्रमांक MP 44 CA 2510 को नगरपालिका स्विमिंग पूल परिसर के पास से लावारिस हालत में जब्त किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि वाहन परिवहन विभाग के रिकॉर्ड में राजेंद्र कुमार यादव के नाम पर पंजीकृत है।
कार के पीछे “मध्य प्रदेश शासन” लिखा होने के कारण अब इस मामले को लेकर शहर में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। माना जा रहा है कि हादसे के बाद पकड़े जाने के डर से चालक वाहन को वहां छोड़कर फरार हो गया।
मंदिर जा रही महिला को मारी थी टक्कर
जानकारी के अनुसार शिक्षक कॉलोनी निवासी अनीता छाजेड़ रोजाना की तरह शनिवार सुबह करीब 6 बजे स्कूटी से मंदिर दर्शन के लिए निकली थीं। जैसे ही वे फोर जीरो चौराहा पार कर रही थीं, तभी विजय टॉकीज की ओर से आ रही तेज रफ्तार सेंट्रो कार ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि महिला सड़क पर दूर जा गिरीं। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायल महिला को संभाला और अस्पताल पहुंचाया। परिजनों के मुताबिक, दुर्घटना में महिला के हाथ और कंधे में चार गंभीर फ्रैक्चर आए हैं और उनका इलाज जारी है।
घायल महिला को छोड़ मौके से भागा चालक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद चालक कुछ देर भी नहीं रुका और घायल महिला को सड़क पर छोड़कर वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना को लेकर शहर में लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे के बाद घायल की मदद करना प्राथमिक जिम्मेदारी होती है, लेकिन चालक मौके से भाग निकला।
यहाँ भी पढ़े: नीमच में कार हादसा: CCTV में कैद हुई टक्कर, फिर भी फरार चालक तक नहीं पहुंची पुलिस
दुकान के CCTV में कैद हुई पूरी घटना
फोर जीरो चौराहा के पास स्थित एक दुकान के CCTV कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई थी। रविवार को वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद यह मामला शहरभर में चर्चा का विषय बन गया। वीडियो में तेज रफ्तार कार स्कूटी सवार महिला को टक्कर मारती दिखाई दे रही है। इसके बाद स्थानीय नागरिकों ने आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
पुलिस की कार्रवाई पर उठ रहे सवाल
हादसे का वीडियो सामने आने और कार बरामद होने के बावजूद आरोपी चालक अब तक फरार है। इसी को लेकर अब पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठने लगे हैं। शहर में चर्चा है कि कार पर “मध्य प्रदेश शासन” लिखा होने के कारण क्या किसी रसूखदार व्यक्ति को बचाने का प्रयास तो नहीं हो रहा। हालांकि पुलिस ने इस तरह की किसी भी संभावना पर आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा है।
कैंट थाना प्रभारी सौरभ शर्मा ने बताया कि वाहन जब्त कर लिया गया है और आरोपी चालक की पहचान सुनिश्चित करने के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
सोशल मीडिया पर भी उठा जीरो चौराहा कार हादसे का मामला
CCTV वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर भी लोग लगातार प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कई लोगों ने सवाल उठाया है कि जब वाहन तक पुलिस पहुंच चुकी है तो आरोपी चालक की गिरफ्तारी में देरी क्यों हो रही है। वहीं कुछ लोगों ने शहर में तेज रफ्तार वाहनों और ट्रैफिक नियमों के पालन को लेकर भी चिंता जताई है।
जांच जारी
फिलहाल कैंट थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपी चालक तक पहुंचने का प्रयास जारी है।
ताज़ा ख़बरों का अपडेट सीधा अपने फोन पर पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।






