नीमच। नीमच पुलिस ने शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात जिलेभर में विशेष कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाकर अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन में चले इस अभियान में सभी थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने एक साथ कार्रवाई करते हुए फरार आरोपियों, वारंटियों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। अभियान का उद्देश्य अपराधियों पर दबाव बनाना और कानून व्यवस्था को और मजबूत करना था।
120 वारंट तामील, फरार आरोपियों की धरपकड़
अभियान के दौरान नीमच पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 120 वारंट तामील किए। इनमें 38 स्थायी वारंट और 82 गिरफ्तारी वारंट शामिल रहे। पुलिस के अनुसार शरीर संबंधी अपराधों, संपत्ति संबंधी मामलों और अन्य गंभीर प्रकरणों में वांछित आरोपियों की तलाश कर उन्हें कानून के दायरे में लाने की कार्रवाई की गई।
200 से ज्यादा वाहनों की जांच, हजारों का जुर्माना
कॉम्बिंग गश्त के दौरान जिले में 12 स्थानों पर विशेष चेकिंग प्वाइंट बनाए गए। यहां 200 से अधिक वाहनों की जांच की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 116 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए 57,600 रुपये का समन शुल्क वसूला गया। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की गई।
डोडाचूरा तस्करी पर बड़ा प्रहार
अभियान की सबसे बड़ी सफलता थाना रतनगढ़ क्षेत्र में मिली। नीमच पुलिस ने एक कार की जांच के दौरान 80 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस का मानना है कि यह कार्रवाई मादक पदार्थ तस्करी के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार साबित होगी।
शराब, सट्टा और बदमाशों पर भी कार्रवाई
विशेष अभियान के दौरान आबकारी अधिनियम के तहत 17 प्रकरण दर्ज कर 75 लीटर अवैध शराब जब्त की गई। वहीं सट्टा एक्ट के तहत तीन मामलों में कार्रवाई करते हुए नकद राशि बरामद की गई। इसके अलावा 140 निगरानी बदमाशों और दो जिला बदर अपराधियों की भी जांच की गई। होटल, लॉज और ढाबों में औचक चेकिंग कर संचालकों को संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने के निर्देश दिए गए।
एसपी ने दिए सख्त संकेत
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने कहा कि नीमच पुलिस जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। अपराधियों, नशा तस्करों और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
ताज़ा ख़बरों का अपडेट सीधा अपने फोन पर पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।






