नीमच। नीमच जिले के रावण रूंडी गांव में एक परिवार ने करीब 25 लोगों पर घर में घुसकर हमला करने का आरोप लगाया है। पीड़ित महिला शाइना पति शाहिद शाह ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर न्याय और सुरक्षा की मांग की है। महिला के अनुसार, उसके भाई आफताब की पत्नी सुल्ताना घरेलू विवाद के बाद 11 जून को अपने मायके चली गई थी, जिसके बाद विवाद ने गंभीर रूप ले लिया।
रावण रूंडी में हथियारों के साथ पहुंचने का आरोप
आवेदन में दावा किया गया है कि सुल्ताना के परिजन और अन्य लोग कारों एवं मोटरसाइकिलों से रावण रूंडी स्थित घर पहुंचे। पीड़िता का आरोप है कि सभी लोग लाठी, तलवार, चाकू और अन्य हथियारों से लैस थे। घर पहुंचने के बाद विवाद बढ़ा और मारपीट शुरू हो गई।
महिला ने आरोप लगाया कि हमले में उसके हाथ में फ्रैक्चर हो गया। वहीं बीच-बचाव करने आए उसके नाबालिग पुत्र तनवीर शाह पर भी चाकू से हमला किए जाने का आरोप लगाया गया है। आवेदन के मुताबिक उसकी माता आईशा बी के साथ भी मारपीट की गई। सभी घायलों का उपचार अस्पताल में चल रहा है।
जेवरात छीनने और धमकी देने के आरोप
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि हमलावर उसके और उसकी माता के गले से मंगलसूत्र तथा उसके पुत्र के गले से सोने की चैन छीनकर ले गए। इसके अलावा जान से मारने, झूठे मामलों में फंसाने और भविष्य में नुकसान पहुंचाने जैसी धमकियां देने का भी आरोप लगाया गया है।
रावण रूंडी मामले में एसपी से कार्रवाई की मांग
महिला का कहना है कि घटना की सूचना पुलिस को दी गई थी और मेडिकल परीक्षण भी कराया गया, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। रावण रूंडी मामले में पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच, आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
जांच के बाद ही स्पष्ट होगी सच्चाई
फिलहाल यह आरोप पीड़ित पक्ष द्वारा पुलिस को दिए गए आवेदन पर आधारित हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने और साक्ष्य सामने आने के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।
ताज़ा ख़बरों का अपडेट सीधा अपने फोन पर पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।






