नीमच । नीमच जिले के जावद थाना क्षेत्र के रूपपुरा गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। यहां 8 साल के मासूम की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। मृतक बालक की पहचान कुंदन पिता शिवलाल भील निवासी ढोलपुरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कुंदन कुछ दिन पहले ही अपनी मौसी के घर रूपपुरा आया था।
नहाने गया था, अचानक हुआ हादसा
परिजनों के अनुसार कुंदन शनिवार दोपहर गांव की तलाई पर नहाने गया था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। आसपास कोई मौजूद नहीं होने के कारण उसे समय पर बचाया नहीं जा सका।
जब काफी देर तक कुंदन घर वापस नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई। परिवार और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। गांव के अलग-अलग स्थानों पर खोजबीन के बाद लोग तलाई के पास पहुंचे। वहां बच्चे के कपड़े दिखाई देने पर अनहोनी की आशंका बढ़ गई। इसके बाद ग्रामीणों ने पानी में तलाश शुरू की।
पानी में मिला अचेत, अस्पताल में मौत की पुष्टि
ग्रामीणों को कुछ देर बाद कुंदन पानी में अचेत अवस्था में मिला। उसे तुरंत बाहर निकालकर जावद के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। तालाब में डूबने से मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
पुलिस जांच में जुटी, गांव में पसरा सन्नाटा
घटना की सूचना मिलने पर जावद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। रविवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं इस हादसे के बाद रूपपुरा और ढोलपुरा गांव में मातम पसरा हुआ है।
ताज़ा ख़बरों का अपडेट सीधा अपने फोन पर पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।






