मंदसौर (Mandsaur News): मंदसौर में रविवार को नई आबादी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 20 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ ब्राउन शुगर (स्मैक) जब्त की है। पुलिस के अनुसार बरामद मादक पदार्थ की अंतरराज्यीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 40 करोड़ रुपये आंकी गई है। मामले में एक महिला सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी फरार बताया जा रहा है।
एसपी विनोद कुमार मीना ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कार्रवाई का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि क्षेत्र में बड़ी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ का लेन-देन होने वाला है। सूचना मिलने के बाद विशेष टीम का गठन कर कार्रवाई की गई।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस के मुताबिक नई आबादी थाना प्रभारी कुलदीप सिंह राठौर के नेतृत्व में उपनिरीक्षक विनय बुंदेला और टीम ने संदिग्ध वाहनों की निगरानी शुरू की। सुनियोजित रणनीति के तहत घेराबंदी कर तलाशी ली गई, जिसमें आरोपियों के कब्जे से 20 किलो ब्राउन शुगर बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना नई आबादी में अपराध क्रमांक 89/26 दर्ज किया है। मामले में धारा 8/21/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
इंदौर से मादक पदार्थ लेने पहुंचे थे आरोपी
प्रारंभिक जांच में पुलिस के सामने यह जानकारी आई है कि इंदौर निवासी आरोपी मादक पदार्थ लेने के लिए मंदसौर पहुंचे थे। पुलिस ने इस कार्रवाई में इंदौर के दो तथा राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच अभी जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में शामिल हैं:

- हेमंत पिता पूनमचंद्र वर्मा (50 वर्ष), निवासी सृष्टि परिसर, भानगढ़ रोड, इंदौर
- मोना पति स्वर्गीय रमेश सेन (48 वर्ष), निवासी नंदा नगर, पाटनीपुरा, इंदौर
- राहुल पिता लक्ष्मणलाल मीणा (36 वर्ष), निवासी मालीखेड़ा, जिला प्रतापगढ़ (राजस्थान)
- सुभाष उर्फ पिंटू पिता भंवरलाल गुर्जर (46 वर्ष), निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, प्रतापगढ़ (राजस्थान)
- जितेंद्र उर्फ कारू पिता मांगीलाल मीणा (35 वर्ष), निवासी माली का खेड़ा, प्रतापगढ़ (राजस्थान)
एक आरोपी फरार, तलाश जारी
पुलिस के अनुसार इस नेटवर्क से जुड़ा अजीज उर्फ एजाज निवासी प्रतापगढ़ (राजस्थान) फिलहाल फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
एसपी विनोद कुमार मीना ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और मादक पदार्थ की सप्लाई चेन से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि जब्त मादक पदार्थ की जांच और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रदेश में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।
ताज़ा ख़बरों का अपडेट सीधा अपने फोन पर पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें।






