मंदसौर में संदिग्ध मौत पर बवाल, शव रखकर हाईवे जाम; मारपीट और जहर देने के आरोप
Reported by: News Desk | Edited by: आकाश शर्मा
04 जून 2026, (अपडेटेड 04 जून 2026, 4:50 अपराह्न IST)

मंदसौर (Mandsaur News): मंदसौर जिले के भावगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम भंडारिया में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद गुरुवार को स्थिति तनावपूर्ण हो गई। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने भावगढ़ फंटे पर शव रखकर चक्का जाम कर दिया, जिससे महू-नीमच 4 लेन स्टेट हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश के बाद करीब ढाई घंटे बाद जाम समाप्त कराया गया।

मृतक की पहचान हरीश पिता गोपाल उर्फ हिरालाल गायरी निवासी ग्राम भंडारिया के रूप में हुई है। परिजनों ने 20 से 25 लोगों पर घर में घुसकर मारपीट करने और जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। वहीं मामले में सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी विवाद का एंगल भी सामने आया है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।

परिजनों का आरोप- घर में घुसकर की मारपीट

परिजनों के अनुसार बुधवार रात करीब 7:30 बजे से 8:30 बजे के बीच बाइक पर सवार होकर 20 से 25 लोग उनके घर पहुंचे। परिवार का आरोप है कि आरोपियों ने घर में घुसकर महिलाओं और अन्य सदस्यों के साथ धक्का-मुक्की की। परिवार के मुताबिक हरीश को एक कमरे में बंद कर गंभीर मारपीट की गई। परिजनों ने आशंका जताई कि आरोपियों ने उसे कोई जहरीला पदार्थ भी पिलाया, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई।

घटना के बाद परिजन हरीश को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय मंदसौर लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे उदयपुर रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

ग्रामीणों ने एक व्यक्ति को पकड़कर पुलिस को सौंपा

परिवार का कहना है कि घटना के दौरान घर से चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे थे। आरोप है कि ग्रामीणों को आता देख कई लोग वहां से भागने लगे। इसी दौरान ग्रामीणों ने एक व्यक्ति को पकड़ लिया, जिसे बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

फर्जी सोशल मीडिया आईडी विवाद का एंगल भी जांच में

मामले में दूसरी ओर से भी अलग जानकारी सामने आई है। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि हरीश ने कथित रूप से एक युवती के नाम से फर्जी सोशल मीडिया आईडी बनाई थी। इसी विवाद को लेकर युवती के भाई और अन्य लोग उसके घर पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि इसी दौरान विवाद और मारपीट हुई। दूसरी ओर यह दावा भी किया जा रहा है कि युवक ने जहरीले पदार्थ का सेवन किया था। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

शव रखकर किया चक्का जाम

युवक की मौत के बाद आक्रोशित परिजन और ग्रामीण गुरुवार दोपहर भावगढ़ फंटे पर पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों ने शव सड़क पर रखकर चक्का जाम शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही आरोपियों का जुलूस निकालने और कथित अवैध संपत्तियों पर कार्रवाई की मांग भी की गई। चक्का जाम के कारण महू-नीमच 4 लेन स्टेट हाईवे पर दोनों ओर करीब दो किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार लग गई। सैकड़ों वाहन जाम में फंस गए, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

देखिये घटना के बाद की कुछ तस्वीरें…

मंदसौर संदिग्ध मौत
चक्काजाम के कारण लंबा जाम लग गया।
मंदसौर संदिग्ध मौत
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में भीड़ एकत्रित हो गई।
मंदसौर संदिग्ध मौत
हरीश के परिजन सड़क पर शव रखकर बैठ गए थे।

पुलिस और प्रशासन ने दी समझाइश

सूचना मिलने के बाद पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत की और कार्रवाई का आश्वासन दिया। करीब ढाई घंटे बाद प्रदर्शनकारी माने और हाईवे से जाम हटाया गया। इसके बाद यातायात सामान्य हो सका।

एडिशनल एसपी बोले- निष्पक्ष जांच होगी

मामले को लेकर एडिशनल एसपी तेर सिंह बघेल ने बताया कि भावगढ़ थाना क्षेत्र के युवक को संदिग्ध रूप से जहरीला पदार्थ सेवन करने के बाद जिला अस्पताल लाया गया था, जहां बाद में उसकी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया था। इसके बाद परिजन भावगढ़ फंटे पर रुक गए थे, जिन्हें समझाइश देकर वहां से हटाया गया।

एडिशनल एसपी के अनुसार परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों और उनकी मांगों की निष्पक्ष जांच की जाएगी। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जांच रिपोर्ट का इंतजार

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। प्रशासन का कहना है कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी तथ्यों का सत्यापन किया जाएगा।

ताज़ा ख़बरों का अपडेट सीधा अपने फोन पर पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें

Aakash Sharma
Aakash Sharmahttps://thetimesofmp.com
आकाश शर्मा मध्यप्रदेश के नीमच क्षेत्र में सक्रिय पत्रकार और द टाइम्स ऑफ MP के संपादक हैं। उन्हें प्रिंट मीडिया में 12 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव है। लंबे समय से स्थानीय एवं जनसरोकार से जुड़े मुद्दों की रिपोर्टिंग, समाचार संपादन और समाचार प्रकाशन के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उन्होंने स्थानीय पत्रकारिता में व्यापक अनुभव हासिल किया है।द टाइम्स ऑफ MP के माध्यम से आकाश शर्मा नीमच, मंदसौर और आसपास के क्षेत्रों से जुड़ी महत्वपूर्ण खबरों को पाठकों तक पहुंचाने का कार्य करते हैं। उनकी कवरेज में स्थानीय प्रशासन, पुलिस एवं कानून-व्यवस्था, जनसमस्याएं, नागरिक सुविधाएं, राजनीति, सामाजिक गतिविधियां, शिक्षा, कृषि, व्यापार और अन्य जनहित से जुड़े विषय शामिल हैं।उनकी संपादकीय कार्यशैली में तथ्यपरक रिपोर्टिंग, स्रोत-आधारित जानकारी, निष्पक्ष प्रस्तुति और जिम्मेदार पत्रकारिता को प्राथमिकता दी जाती है। संवेदनशील और अपराध से जुड़े मामलों की रिपोर्टिंग में आरोप और प्रमाणित तथ्य के बीच अंतर बनाए रखने तथा उपलब्ध आधिकारिक एवं विश्वसनीय स्रोतों के आधार पर खबर प्रस्तुत करने पर विशेष ध्यान दिया जाता है।पत्रकारिता के साथ आकाश शर्मा पिछले 4 वर्षों से पैरा लीगल वॉलंटियर (PLV) के रूप में भी कार्य कर रहे हैं। इस भूमिका में वे कानूनी जागरूकता और जनहित से जुड़े कार्यों से जुड़े रहे हैं। इसके साथ ही वे इंटरनेशनल ह्यूमन सिक्योरिटी ऑर्गनाइजेशन में जिला उपाध्यक्ष (District Vice President) के दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं।अनुभव 12 वर्ष — प्रिंट मीडिया एवं पत्रकारिता का अनुभव 4 वर्ष — पैरा लीगल वॉलंटियर (PLV) के रूप में अनुभव संपादक — द टाइम्स ऑफ MP जिला उपाध्यक्ष — इंटरनेशनल ह्यूमन सिक्योरिटी ऑर्गनाइजेशनआकाश शर्मा का उद्देश्य स्थानीय स्तर की महत्वपूर्ण सूचनाओं को विश्वसनीय, स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार पत्रकारिता के माध्यम से पाठकों तक पहुंचाना तथा आम नागरिकों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी मंच प्रदान करना है।विशेषज्ञता: स्थानीय पत्रकारिता | प्रिंट मीडिया | समाचार संपादन | डिजिटल पत्रकारिता | स्थानीय समाचार रिपोर्टिंग | जनहित के मुद्दे | कानूनी जागरूकता |

Hot this week

पालसोड़ा एक्सीडेंट में 1 युवक की मौत, 2 की हालत गंभीर

पालसोड़ा एक्सीडेंट: नीमच जिले के जीरन थाना क्षेत्र में...

उज्जैन शूटिंग रेंज मारपीट: VIDEO में कैद कोच पर हमला, सिस्टम पर उठे सवाल

उज्जैन (Ujjain Crime News)। उज्जैन शूटिंग रेंज मारपीट का...

CBN इंस्पेक्टर सिद्धार्थ श्रीवास्तव निलंबित, 10 सितंबर की CBI कार्रवाई के बाद विभागीय आदेश

नीमच/ग्वालियर। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) के इंस्पेक्टर सिद्धार्थ श्रीवास्तव...

ताइक्वांडो में नीमच का दमदार प्रदर्शन, छह स्वर्ण पदक जीते

नीमच। 70वीं शालेय खेलकूद प्रतियोगिता के तहत आयोजित उज्जैन...

विजय केडिया के दांव वाले इस शेयर ने 1 लाख को बनाया 2.15 करोड़

बिज़नेस डेस्क  | विजय केडिया की निवेश इकाई के...

Related Articles

Popular Categories