दलित महिला के नाबालिग बच्चों को जातिसूचक गालियाँ और जान से मारने की धमकी !

1
  • नयागांव में तनाव; पीड़िता ने एसपी से माँगा इंसाफ

नीमच: मध्य प्रदेश के नीमच जिले के नयागांव क्षेत्र से एक गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है। यहां अनुसूचित जाति (खटीक समाज) की एक महिला ने तीन स्थानीय व्यक्तियों पर अपने नाबालिग बेटों को सार्वजनिक स्थान पर जातिसूचक गालियां देने, अपमानित करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। घटना के बाद भयभीत महिला ने सीधे पुलिस अधीक्षक (एसपी) नीमच को लिखित शिकायत सौंपकर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

Shubham Solar Solution

क्या है पूरा मामला?

शिकायतकर्ता महिला, जो कि तहसील जावद के नयागांव क्षेत्र की निवासी है, ने बताया कि तुलसीराम पिता नंदराम खारोल, ललित खारोल और कमलेश मकवाना नामक तीन व्यक्तियों से उनके परिवार की पुरानी रंजिश चल रही है।

‘द टाइम्स ऑफ एमपी’ से बातचीत में पीड़िता ने घटना की भयावहता बताते हुए कहा कि सोमवार, 27 अक्टूबर को उनके दोनों नाबालिग बेटे – दिव्यांशु और उमेश – बस स्टैंड पर स्कूल जाने के लिए ऑटो का इंतज़ार कर रहे थे। उसी समय, तीनों आरोपी मोटरसाइकिल पर वहां पहुंचे और बच्चों को देखते ही जातिसूचक अपशब्दों का प्रयोग करते हुए गालियां देने लगे।

पीड़िता के अनुसार, आरोपियों ने अपमानजनक और धमकी भरे शब्दों का इस्तेमाल करते हुए बच्चों से कहा कि “तुम्हारे परिवार को निपटाया जाएगा।” इस धमकी से दोनों बच्चे बुरी तरह सहम गए।

बच्चों ने परिचित को बताई बात

डरे-सहमे बच्चों ने किसी तरह स्कूल पहुंचकर अपनी आपबीती अपने परिचित सोनू धनगर को बताई। सोनू धनगर ने तत्काल बच्चों को घर पहुंचाया और उनके परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।

इसके तुरंत बाद, पीड़िता ने अनुसूचित जाति कल्याण पुलिस थाना (अजाक थाना) और पुलिस अधीक्षक कार्यालय, नीमच में आरोपियों के खिलाफ अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए शिकायत दर्ज कराई है। स्थानीय प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है।

हो सकता है आप चूक गए हों